इंदौर नगर निगम का कड़ा एक्शन... मोटर लगाकर पानी खींचने वालों की अब खैर नहीं, निगम जब्त करेगा मोटर और वसूलेगा भारी जुर्माना
नगर निगम मोटर से पानी खींचने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाएगा। ग्रीष्मकाल को देखते हुए जलप्रदाय वाले दिन निगम की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में दौरा ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 10 Apr 2026 10:02:35 PM (IST)Updated Date: Fri, 10 Apr 2026 11:26:06 PM (IST)
इंदौर नगर निगम का कड़ा एक्शन।HighLights
- इंदौर नगर निगम का कड़ा एक्शन।
- मोटर लगाकर पानी खींचने वालों की खैर नहीं।
- निगम जब्त करेगा मोटर और वसूलेगा भारी जुर्माना।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। नगर निगम मोटर से पानी खींचने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाएगा। ग्रीष्मकाल को देखते हुए जलप्रदाय वाले दिन निगम की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में दौरा कर मोटर लगाकर पानी खींचने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करेंगी।
मोटर लगाकर पानी खींचने वालों के विरुद्ध आर्थिक दंड के साथ-साथ मोटर जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। यह जानकारी निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने दी। शुक्रवार को उन्होंने जलप्रदाय, सीवरेज विभाग, जलापूर्ति और स्वच्छ सर्वेक्षण इत्यादि विषय पर जोनवार समीक्षा बैठक ली। इसमें सभी अपर आयुक्त, उपायुक्त, कार्यपालन यंत्री, प्रभारी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।
लापरवाही पर उपयंत्री और एलएंडटी पर गाज
इंदौर 311 एप पर आने वाली दूषित पानी की समस्या की समीक्षा में पता चला कि जोन 10 के वार्ड 39 खजराना क्षेत्र में 50 दिन से ज्यादा पुरानी शिकायतें लंबित हैं। प्रभारी उपयंत्री और एलएंडटी प्रतिनिधि से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उपयंत्री का 15 दिन का वेतन काटने और एलएंडटी कंपनी पर एक लाख रुपये जुर्माना लगाने के आदेश दिए गए। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि जल प्रदाय से जुड़ी शिकायतों के निराकरण में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वच्छ सर्वेक्षण और स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं
निगमायुक्त ने स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर कहा कि शहर के शासकीय और अशासकीय स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कर लें। उन्होंने निर्देश दिए कि शौचालय में प्रकाश, सफाई, पानी की व्यवस्था, प्रत्येक क्लास में डस्टबिन के साथ ही हैंड वाश और गर्ल्स शौचालय में सेनेटरी वेस्ट के लिए डस्टबीन अनिवार्य रूप से हों। जिन स्कूलों में दिव्यांग विद्यार्थी हैं, वहां अनिवार्य रूप से दिव्यांग टॉयलेट होना सुनिश्चित कर लें। निगमायुक्त ने सड़कों के पेचवर्क को भी प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए हैं।