
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। महू के ड्रीमलैंड चौराहा क्षेत्र में नर्मदा तृतीय चरण की 1700 एमएम व्यास की मुख्य पाइपलाइन फूटने से इंदौर की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण नर्मदा तृतीय चरण के पंप बंद करने पड़े, जिससे शहर की कई टंकियां नहीं भर सकीं। इसके चलते शुक्रवार को आधे से अधिक शहर में जलापूर्ति बाधित रहेगी।
गुरुवार सुबह करीब 10:15 बजे मुख्य पाइपलाइन फूटने की सूचना मिलते ही निगमायुक्त क्षितिज सिंघल मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को तत्काल सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। इस दौरान जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ‘बबलू’ और अपर आयुक्त आशीष पाठक भी मौजूद रहे।
मुख्य पाइपलाइन में आई खराबी के कारण गुरुवार को दिन में भरने वाली और शुक्रवार को जल वितरण के लिए निर्धारित कई टंकियां खाली रह गईं। गुरुवार को 15 टंकियों से जलापूर्ति प्रभावित रही, जबकि शुक्रवार को 73 टंकियों से जुड़े क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंच सकेगा।
गुरुवार को इन क्षेत्रों में प्रभावित रही जलापूर्ति
चंदन नगर, अंबिकापुरी, नगीन नगर, हवा बंगला, विदुर नगर, स्कीम-59, स्कीम-94, शिव नगर, एमआईजी, स्कीम-74, बजरंग नगर, वीणा नगर, प्रेस कॉम्प्लेक्स (बर्फानी धाम), बिलावली और भंवरकुआ क्षेत्र में पानी नहीं पहुंच सका।
शुक्रवार को 73 टंकियों से नहीं होगा जल वितरण
बिजलपुर, मां विहार, स्कीम-59, बिलावली, भंवरकुआ, खातीवाला टैंक, स्नेह नगर, गाड़ी अड्डा, पागनीस पागा, सीपी शेखर नगर, उर्दू स्कूल, एमवाय, पीडब्ल्यूडी, यशवंत क्लब, तुकोगंज, काटन अड्डा, भागीरथपुरा, कुलकर्णी का भट्टा, आंबेडकर नगर, एमआईजी, त्रिवेणी पार्क, बजरंग नगर, नंदानगर, प्रेस कॉम्प्लेक्स, जनता क्वार्टर, सुखलिया, वीणा नगर, लवकुश विहार, महालक्ष्मी नगर, स्कीम-54, स्कीम-74, स्कीम-114, नानक नगर, स्कीम-94, मूसाखेड़ी, टूटी प्रेस, शिव नगर, महावीर नगर, खजराना, प्रगति नगर, रेती मंडी, सूर्यदेव नगर, हवा बंगला, विदुर नगर, ग्रेटर वैशाली, स्कीम-71, चंदन नगर, ईंटा भट्टा, नगीन नगर, अंबिकापुरी, सिलिकॉन सिटी, स्कीम-140, कृषि नगर, रेडियो कॉलोनी, पालीवाल नगर, श्रीनगर एक्सटेंशन, भूरी टेकरी, मित्र बंधु नगर, सर्व सुविधा नगर, हारून कॉलोनी, स्कीम-134, साईं कृपा, तपेश्वरी बाग, समर पार्क, लसूड़िया, स्कीम-78, राजीव आवास विहार, लोहा मंडी, स्कीम-113 और स्कीम-136 सहित कई क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
देर रात तक चला सुधार कार्य
जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ने बताया कि पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य गुरुवार देर रात तक जारी रहा। क्षतिग्रस्त हिस्से की वेल्डिंग का काम पूरा कर लिया गया था और शुक्रवार अलसुबह तक मरम्मत कार्य पूर्ण होने की उम्मीद थी। उन्होंने बताया कि मरम्मत के बाद लाइन चालू कर टंकियां भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा तो शनिवार से पूरे शहर में जलापूर्ति सामान्य हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- भोपाल में आंधी-बारिश के बाद थमी रफ्तार, बोर्ड ऑफिस से ज्योति टॉकीज तक लगा लंबा जाम; रेंगते रहे वाहन