MP में 5 लाख की सर्जरी होगी अब बिल्कुल मुफ्त... पहली बार सरकारी अस्पताल में मोटापा क्लिनिक
एमवाय अस्पताल में सोमवार से बेरियेट्रिक (मोटापा) और मेटाबोलिक क्लिनिक की शुरुआत की गई। यह प्रदेश के सरकारी क्षेत्र में अपनी तरह की पहली सुविधा है, जिस ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 23 Feb 2026 06:48:13 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Feb 2026 07:13:24 PM (IST)
MYH Indore में शुरू हुआ बेरियेट्रिक एवं मेटाबोलिक क्लिनिकHighLights
- इंदौर के एमवाय अस्पताल में शुरुआत
- आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को बड़ी राहत
- डायबिटीज और बीपी से निपटने में मिलेगी मदद
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। प्रदेश के सबसे बड़े शासकीय एमवाय अस्पताल में सोमवार से बेरियेट्रिक (मोटापा) और मेटाबोलिक क्लिनिक की शुरुआत की गई। यह प्रदेश के सरकारी क्षेत्र में अपनी तरह की पहली सुविधा है, जिससे अब मोटापे के मरीजों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने क्लिनिक का शुभारंभ करते हुए कहा कि मोटापा तेजी से गंभीर सामाजिक समस्या बनता जा रहा है। इसके कारण मधुमेह, उच्च रक्तचाप और अन्य बीमारियां बढ़ रही हैं। बदलती जीवनशैली और गलत खान-पान इसकी बड़ी वजह हैं।
मुफ्त सर्जरी और आयुष्मान भारत का लाभ
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों का इलाज निःशुल्क किया जाएगा। जहां निजी अस्पतालों में इस सर्जरी का खर्च चार से पांच लाख रुपये तक आता है, वहीं अब यह सुविधा एमवाय में मुफ्त उपलब्ध होगी। क्लिनिक में मरीजों की जांच, काउंसलिंग और जरूरत पड़ने पर सर्जरी की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेगी।
सफल सर्जरी के उदाहरण, वजन घटाने में मिली मदद
खजराना निवासी 30 वर्षीय गुल अफशां ने बताया कि सर्जरी के बाद उनका वजन 120 किलोग्राम से घटकर डेढ़ महीने में 97 किलोग्राम हो गया। इससे डायबिटीज में राहत मिली और अब वह पहले से अधिक स्वस्थ महसूस कर रही हैं। इसी तरह सुषमा भिलवारे ने बताया कि उनका वजन 103 किलोग्राम से घटकर 70 किलोग्राम हो गया, जिससे बीपी और अन्य समस्याओं में भी सुधार हुआ।
मोटापे के खतरे
- डायबिटीज और हाई बीपी का खतरा बढ़ाता है।
- हार्ट और जोड़ों की बीमारियों की वजह बनता है।
- जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों का प्रमुख कारण है।
उपलब्ध सुविधाएं
- मुफ्त जांच और काउंसलिंग की व्यवस्था।
- बेरियेट्रिक सर्जरी की अत्याधुनिक सुविधा।
- आयुष्मान कार्ड धारकों को निःशुल्क इलाज।
- एक ही स्थान पर संपूर्ण उपचार की उपलब्धता।
यह भी पढ़ें- छोटे कारीगरों की बल्ले-बल्ले! अपना बिजनेस शुरू करने के लिए सरकार दे रही 3 लाख का लोन, आज ही करें आवेदन