
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : म्यूल बैंक खातों की खरीद - फरोख्त और धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के सदस्य दिलीप पांडे और शुभम शर्मा से विजय नगर पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपियों द्वारा छह म्यूल खातों का इस्तेमाल कर 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का ट्रांजेक्शन किया गया था।
पुलिस ने आरोपियों के अन्य बैंक खातों की जांच के लिए बैंकों को पत्र लिखा है। धोखाधड़ी से अर्जित की गई आरोपियों की संपत्ति को अटैच करवाने की कोशिश चल रही है। टीआई सीके पटेल के अनुसार आरोपित दिलीप पांडे, शुभम शर्मा, अहमद राजा, भूषण कुशवाह, नरेश यादव, विजेंद्रसिंह, अमित मणि, रमणदीपसिंह भाटिया, नरेंद्र पाटीदार, अमित चौरसिया और योगेश पटेल को गिरफ्तार किया था। सभी आरोपियों से पुलिस मामले को लेकर पूछताछ कर रही है।
आरोपित दिलीप कमीशन पर म्यूल खातों की सप्लाई करता था और शुभम द रैपिड इन्वेस्टर्स एडवाइजरी फर्म संचालित कर लोगों से ठगी करता था। टीआई सीके पटेल के मुताबिक आरोपी कईं राज्यों के निवेशकों से ऑनलाइन रुपये ले चुका है। अब तक की जांच में 6 म्यूल खाते मिले हैं, जिनका उपयोग ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। इन बैंक खातों में 1 करोड़ रुपये से ज्यादा के ट्रांजेक्शन किए जाने का खुलासा हुआ है। अब पुलिस अन्य मामलों को लेकर भी जांच कर रही है।
जांच में पता चला उसके पास शेयर मार्केट संबंधित सलाह की अनुमति है, जबकि वह निवेशकों से रुपये ले रहा था। पुलिस ने सभी के विरुद्ध धोखाधड़ी की धारा में कायमी की है। पुलिस आरोपियों के अन्य बैंक खातों के बारे में भी जानकारी निकाल रही है। आरोपियों के बैंक खातों की जानकारी निकालकर सभी की जांच की जाएगी और पता लगाया जाएगा कि क्या इन खातों का भी इस्तेमाल ठगी करने में किया गया था।