_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में मैकेनिक एकनाथ वाघ ने पत्नी रोहिणी की हत्या कर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एकनाथ की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसने मकान बेचकर शेयर मार्केट में रुपये निवेश किए थे। घाटा होने पर परिवार में तनाव रहने लगा था। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम किया है। टीआइ आरडी कानवा के अनुसार घटना गली नंबर 3 की है। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सूचना मिली थी कि 43 वर्षीय एकनाथ पुत्र आनंद वाघ ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मौके पर पहुंची तो रोहिणी का शव भी पिछले कमरे में मिला।
एकनाथ और रोहिणी के दो बेटे मोहित और मयंक हैं। 17 वर्षीय मोहित 11वीं और 13 वर्षीय मयंक 7वीं की पढ़ाई कर रहा है। बच्चों ने पुलिस को बताया कि सुबह पापा ने दूध लेने डेयरी पर भेजा था। करीब 15 मिनट बाद दोनों लौटे तो देखा उनके पिता ने साड़ी से फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली है। उनकी मां पिछले कमरे में मृत अवस्था में थी। उनकी चूड़ियां टूटी हुई थीं और कान के टॉप्स कटोरी में रखे थे। प्रारंभिक रूप से पता चला कि एकनाथ ने पहले रोहिणी की हत्या की और बाद में खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी।
पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के अनुसार एकनाथ ने खाना खाने के दो घंटे बाद ही रोहिणी की हत्या कर दी थी। रातभर शव घर में रहा और बच्चों ने सोचा मां सो रही है। सुबह एकनाथ ने बच्चों को घर से निकालने का बहाना ढूंढा और फांसी लगा ली। पुलिस के अनुसार एकनाथ तीन पहिया वाहन (ऑटो रिक्शा) सुधारता था। ईवी रिक्शा चलन में आने के बाद एकनाथ ने काम छोड़ दिया। उसने एमआर-10 और परदेशीपुरा स्थित दो मकानों का सौदा कर दिया और शेयर बाजार में निवेश करने लगा।
शेयर बाजार में नुकसान होने लगा और उसको घर का खर्चा चलाने के लिए शेयर बेचने पड़े। उसके पास सिर्फ 16 हजार रुपये बचे थे। इस कारण एकनाथ के घर में कलह होने लगी। संभवत: इसी वजह से एकनाथ ने ऐसा कदम उठाया है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर घटना की जांच कर रही है। भाई संतोष ने पुलिस को बताया कि एकनाथ गलत काम नहीं करता था। उसकी आर्थिक स्थिति खराब थी।
टीआइ के अनुसार सोमवार को रोहिणी का भाई मिलने आया था। पहली बार ऐसा हुआ कि रोहिणी और एकनाथ ने उससे बात नहीं की। दोनों परेशान थे। एकनाथ के साले ने दूसरा काम करने की सलाह भी दी थी। घटना से परिवार स्तब्ध है। जैसे ही पति-पत्नी के शव घर से निकले स्वजन फूट-फूट कर रोने लगे।
यह भी पढ़ें- MP Weather Update: एमपी गर्मी का रेड अलर्ट, 39 डिग्री के साथ धार सबसे गर्म, सामान्य से 5 डिग्री तक बढ़ा तापमान