
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मंगलवार रात को क्षिप्रा एक्सप्रेस में की चपेट में आने से एक व्यक्ति के दोनों पैर कट गए। घायल व्यक्ति चलती ट्रेन में चलने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। घायल का एमवाय अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जीआरपी पुलिस के अनुसार स्टेशन मास्टर इंदौर ने समय रात 11.10 बजे सूचना दी कि स्टेशन के प्लेटफार्म नं. चार पर एक व्यक्ति क्षिप्रा एक्सप्रेस ट्रेन के रेक प्लेसमेंट के समय चलती गाड़ी में चढ़ने के प्रयास में घायल हो गया। जीआरपी एएसआई राजेंद्र कुमार पाटिल घटना स्थल पहुंचे।
जीआरपी आरक्षक चेतन नरवले घायल व्यक्ति को प्लेटफार्म से उपचार के लिए एंबुलेंस से एमवाय अस्पताल ले गए। घायल व्यक्ति का नाम नूर इस्लाम शेख पिता कलीम शेख (45) निवासी गांव पटाडी हाई स्कूल के सामने, पीएस केतुग्राम जिला बर्धमान पश्चिम बंगाल है। घायल व्यक्ति के दोनों पैर बुरी तरह से कट चुके है।