
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही का बड़ा दबाव इंदौर एयरपोर्ट पर रहने की संभावना है। इसे देखते हुए एयरपोर्ट की सुविधाएं बढ़ाने और शहर से कनेक्टिविटी बेहतर करने की तैयारी शुरू हो गई है। एयरपोर्ट से शहर के प्रमुख स्थानों तक लो-फ्लोर एसी बसें चलाने के साथ रन-वे विस्तार, रडार स्थापना और समानांतर टैक्सी ट्रैक बनाए जाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क छूट वस्तुओं की जानकारी नहीं मिल पाती है। सुविधा के लिए कस्टम नियमों की जानकारी के साथ ही सीमा शुल्क छूट वस्तुओं की जानकारी चस्पा की जाएगी।
दरअसल पुराने टर्मिनल भवन में हुई विमानतल सलाहकार समिति (एएसी) की बैठक में एयरपोर्ट के विकास और यात्री सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई। सांसद लालवानी ने कहा कि सिंहस्थ के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इंदौर पहुंचेंगे। ऐसे में एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाने के साथ यात्रियों के आवागमन और प्रबंधन की व्यवस्था अभी से मजबूत करना जरूरी है। बैठक में रन-वे विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण का मुद्दा उठा।
इसके अलावा एएसआर-एमएसएसआर रडार की स्थापना, समानांतर टैक्सी ट्रैक (पीटीटी) निर्माण और सिंपल अप्रोच लाइटिंग सिस्टम के उन्नयन के लिए भी जमीन की जरूरत पर चर्चा हुई। लंबे समय से इसके लिए जमीन की जरूरत है, लेकिन अब तक जमीन उपलब्ध नहीं हो पाई है। बैठक में एयरपोर्ट निदेशक विक्रम कुमार एम ठक्कर, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, एयरलाइंस प्रतिनिधि और समिति के सदस्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- सिंहस्थ 2028 की तैयारी: उज्जैन जाने वाले छह मार्गों पर इंदौर में बनेंगे नौ होल्डिंग एरिया, जमीन चिह्नित
यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए सार्वजनिक परिवहन की सुविधा देने के उद्देश्य से लो-फ्लोर एसी बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया। सांसद ने कहा कि एयरपोर्ट को शहर के प्रमुख हिस्सों से जोड़ना जरूरी है। सिंहस्थ से पहले बस सेवा की उपलब्धता पर जिला प्रशासन के साथ पहल की जाएगी।