_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। दूषित पानी की वजह से भागीरथपुरा में हुई 36 मौत के लिए न्यायिक आयोग ने जिस अधिकारी को मुख्य रूप से जिम्मेदार माना था शासन ने उसे भी बहाल कर दिया। इसके पहले शासन इस मामले के अन्य मुख्य आरोपितों को भी बहाल करते हुए उन्हें प्रमोशन भी दे चुकी है।
भागीरथपुरा मामले को लेकर हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर करने वाले वकीलों ने शासन के इस फैसले का विरोध किया है। उनका कहना है कि यह जनता के साथ धोखा है। एक तरफ तो सरकार दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की बात कर रही है दूसरी तरफ मामले में निलंबित अधिकारियों को बहाल और प्रमोट किया जा रहा है।
गौरतलब है कि भागीरथपुरा में दूषित पानी की वजह से 36 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले को लेकर आधा दर्जन जनहित याचिका हाई कोर्ट में चल रही हैं। न्यायिक आयोग ने दूषित पानी कांड के लिए प्रभारी इंजीनियर संजीव श्रीवास्तव को मुख्य रूप से जिम्मेदार माना था। शासन उन्हें पहले ही निलंबित कर चुका था।
हाल ही में शासन ने एक आदेश जारी कर श्रीवास्तव का निलंबन निरस्त कर उन्हें चीफ इंजीनियर पीएचई भोपाल कार्यालय में कार्यपालन यंत्री के रूप में पदस्थ कर दिया है। इसके पहले दूषित पानी कांड के वक्त पदस्थ तत्कालीन अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को भी पदोन्नत कर कलेक्टर बना दिया गया।
यह भी पढ़ें- इंदौर दूषित जल कांड के जिम्मेदार EE बहाल, संजीव श्रीवास्तव की भोपाल PHE में पोस्टिंग; निचला स्टाफ सस्पेंड
हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर करने वाले एडवोकेट मनीष यादव ने श्रीवास्तव की बहाली का विरोध करते हुए कहा कि यह जनता के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि हम इस बहाली को हाई कोर्ट में चुनौती देंगे।