नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शराब कारोबारी व पब संचालक भूपेंद्र उर्फ पिंटू रघुवंशी आत्महत्या केस में पुलिस ने उसकी प्रेमिका इति तिवारी को जेल भेज दिया। इति ने भूपेंद्र और उसके समूह के बारे में चौंकाने वाली जानकारी दी है। शराब के साथ ड्रग्स के नशे का भी उल्लेख किया है। पुलिस अब इति की सहेली व मॉडल आरिशा से पूछताछ करेगी।
भवानीपुर कालोनी निवासी 46 वर्षीय भूपेंद्र रघुवंशी (धारवाले) की मौत के मामले में पुलिस ने मुंबई की इति तिवारी को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार रात एडिशनल डीसीपी जोन-4 दिशेष अग्रवाल, एसीपी शिवेंदु जोशी और टीआइ अजय नायर ने अन्नपूर्णा थाना में पूछताछ की। इति के बयानों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी करवाई गई।
इति तिवारी ने बताया कि दोस्तों के माध्यम से दो साल पूर्व शोशा पब में भूपेंद्र से दोस्ती हुई थी। भूपेंद्र की उसकी पत्नी आरती से नहीं बनती थी। इति भी पति शशांक दीक्षित से नाराज थी। दोनों भावनात्मक रुप से जुड़ने लगे। इति उस वक्त दिल्ली में रहती थी। प्रमोशन के बाद मुंबई शिफ्ट हो गई। वह भूपेंद्र से मिलने आती थी। शोशा, स्केल और फीचर पब में घाटा होने के कारण भूपेंद्र परेशान रहने लगा था। उसने कहानी रेस्टोरेंट शुरु किया पर उसमें भी नुकसान हो गया।
इति का दावा है कि वह ड्रग्स और शराब का नशा करने लगा था। इति पर पति को छोड़ने का दबाव भी बनाने लगा। टीआइ के मुताबिक इति के बयानों की पुष्टि की जा रही है। उसकी खास सहेली आरिशा जैन को भी थाने बुलाया जाएगा।
इति ने बताया कि करीब 40 युवक-युवती समूह में पार्टी करते थे। भूपेंद्र, इति और आरिशा भी पार्टी में शामिल होती थी। इस पार्टी में पब संचालक श्रीकांत, दीपेश मोटवानी भी आते थे। दोनों का भूपेंद्र ने सुसाइड नोट में भी उल्लेख किया है।
यह भी पढ़ें- MP में अजीबो-गरीब मामला... महिला को गलती से 10 साल पहले कर दिया था रिटायर, अब फिर मिलेगी नौकरी
इति ने पार्ट में भी ड्रग्स का दावा किया है। इस बयान के बाद कईं रसूखदार जांच की जद में आ गए है। आरिशा जैन खुद को मॉडल बताती और कई युवतियां उसके संपर्क में है। आरिशा हाई प्रोफाइल बिल्डर, फायनेंसर और खदान कारोबारियों से जुड़ी है। टीआइ के मुताबिक इति का फोन (आइफोन-14) जब्त किया है।