
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। रंगपंचमी के अवसर पर निकलने वाली गेर की तैयारी को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, कलेक्टर शिवम वर्मा, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह और अन्य अधिकारियों ने शनिवार को गेर मार्ग का दौरा किया।
तय हुआ कि पूरे गेर मार्ग पर पर्याप्त पुलिसबल तैनात किया जाएगा। ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी नेटवर्क के माध्यम से कंट्रोल रूम से पूरे मार्ग की निगरानी की जाएगी। गेर मार्ग में आने वाली ऊंची इमारतों पर वॉच टावर बनाए जाएंगे।
असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। हुड़दंग करने वाले या महिलाओं से अभद्रता करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाई जाएगी।
महिलाओं के विशेष दस्तों के साथ-साथ सादी वर्दी में भी पुलिस बल भीड़ के बीच मौजूद रहेंगे। अधिकारियों ने अपने दौरे की शुरुआत मल्हारगंज चौराहे से की।
महापौर ने निरीक्षण करते हुए कहा कि गेर यात्रा के तुरंत बाद शहर की स्वच्छता को यथावत बनाए रखना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को पर्याप्त संसाधनों के साथ विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आयोजन के तुरंत बाद मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जा सके।
इसके साथ ही जहां-जहां मेट्रो अथवा अन्य निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, वहां पर सुदृढ़ एवं सुरक्षित बैरिकेडिंग करने, गेर मार्ग पर अनावश्यक वायर एवं केबल को तत्काल हटाने, आवश्यकतानुसार सड़क पर पेचवर्क पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं। यह भी कहा है कि अगर गेर मार्ग पर कोई जर्जर अथवा खतरनाक भवन चिह्नित है तो उस पर सूचना बोर्ड लगाया जाए।
अनफिट वाहन नहीं हो सकेंगे शामिल। गेर में शामिल होने वाले वाहनों को लेकर निर्णय लिया गया कि इस बार गेर में शामिल होने वाले वाहनों की फिटनेस अनिवार्य रूप से जांची जाएगी। प्रत्येक वाहन के साथ अतिरिक्त चालक रखने, ब्रेक, स्टेयरिंग और अन्य तकनीकी मानकों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। गेर में अनफिट वाहन शामिल नहीं हो सकेंगे।
कलेक्टर ने बताया कि हमारा लक्ष्य गेर यात्रा का सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करना है। गेर मार्ग और आसपास के संपर्क मार्गों पर आवश्यक पेचवर्क, अनावश्यक वायर-केबल एवं विज्ञापन बोर्ड हटाने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे गेर मार्ग पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए कि आमजन को असुविधा न हो, इसके लिए डायवर्जन प्लान और पार्किंग स्थलों का भौतिक सत्यापन किया जाए। एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड के लिए 'इमरजेंसी रास्ते' सुरक्षित रखे जाएं।