नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। राज्य अधिवक्ता परिषद के पांच वर्षीय चुनाव में इंदौर से 22 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। इनमें चार महिलाएं शामिल हैं। चुनाव पूरे प्रदेश में 12 मई 2026 को एक साथ होंगे। निर्वाचन अधिकारी न्यायमूर्ति सुशील कुमार पालो ने नामांकन पत्रों की जांच के बाद प्रत्याशियों की आरंभिक सूची जारी कर दी है।
10,537 मतदाता हैं इंदौर में
राज्य अधिवक्ता परिषद के चुनाव में इंदौर के 10,537 वकील मतदाता हैं। प्रदेश में कुल मतदाता वकीलों की संख्या 86 हजार से ज्यादा है। परिषद की कार्यकारिणी में 25 सदस्य होते हैं। इस बार इन 25 पदों में से सात महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।
इन सात पदों में से चुनाव सिर्फ पांच के लिए हो रहा है। महिलाओं के लिए आरक्षित शेष दो पदों पर सदस्यों का मनोनयन होगा। मतलब यह हुआ कि इस बार पुरुष प्रत्याशियों के लिए पद 25 नहीं बल्कि सिर्फ 18 ही हैं।
ये हैं इंदौर से प्रत्याशी
राज्य अधिवक्ता परिषद के वर्तमान सदस्य सुनील गुप्ता, हितोषी जय हार्डिया, विवेक सिंह, नरेंद्र कुमार जैन, खिलाड़ीलाल गनगौरे के साथ-साथ इंदौर अभिभाषक संघ के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार वर्मा, निमेष पाठक, तनुज दीक्षित, राकेश सिंह भदौरिया, अखिलेश कुमार सक्सेना, विनोद द्विवेदी, शैलेंद्र मिश्रा, सीपी पुरोहित, राजेंद्र सिंह, कन्हैयालाल यादव, शेख अलीम, प्रीति तिवारी, प्रतिभा वालिया, नूर जहां खान, रेखा बोरवेल, शादाब खान और मो. शब्बीर खान मैदान में हैं।
22 अप्रैल को जारी होगी प्रत्याशियों की अंतिम सूची
इस चुनाव में प्रदेशभर से 119 प्रत्याशी मैदान में हैं। नामांकन फार्म वापस लेने की अंतिम तिथि 22 अप्रैल है। 22 अप्रैल शाम पांच बजे निर्वाचन अधिकारी न्यायमूर्ति सुशील कुमार पालो प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर देंगे। मतगणना 16 जून से शुरू होगी। सामान्यत: राज्य अधिवक्ता परिषद के चुनाव की मतगणना दो से ढाई माह में पूरी होती है। पूरे प्रदेश से मतपेटियां एकत्रित कर जबलपुर भेजी जाती हैं। मतगणना भी वहीं होती है।
यह भी पढ़ें : इस बार ज्यादा सताएगी गर्मी: दिल्ली, MP-CG में इस हफ्ते 45 डिग्री पहुंच सकता है पारा, IMD ने जारी किया लू का अलर्ट