
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के पीछे सीआरपी लाइन क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण को ढहा दिया। जूनी इंदौर तहसील के ब्लॉक नंबर 38 की 0.70 एकड़ जमीन नजूल रिकॉर्ड में दर्ज है। यहां पर 300 वर्गफीट मस्जिद की जगह की आड़ में 40 हजार स्क्वायर फीट से अधिक पर अवैध निर्माण किया गया था। नायब तहसीलदार कोर्ट ने नजूल भूमि पर निर्माण को अवैध निर्माण घोषित किया था। इसके बाद सोमवार को भारी सुरक्षा के बीच प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर 20 हजार स्क्वायर फीट जमीन को मुक्त करा लिया। दो हॉल को तोड़ने के लिए सात दिन का समय दिया गया है।
जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में सीआरपी लाइन क्षेत्र में अवैध निर्माण को हटाया गया। भारी सुरक्षा के बीच शनिवार सुबह कार्रवाई शुरू की गई। नायब तहसीलदार कमलेश कुशवाह का कहना है कि नजूल की जमीन पर मस्जिद विस्तार के नाम पर 40 हजार स्क्वायर फीट पर निर्माण किया गया था। यहां पर मुसाफिर खाना, बाउंड्रीवाल, क्वाटर और अन्य निर्माण किए गए। जांच और सुनवाई के दौरान गूगल सैटेलाइट इमेज से यह प्रमाणित हुआ कि 1985 में यहां छोटी सी मस्जिद थी, लेकिन 2025 तक आसपास की जमीनों पर कब्जे कर लिए गए।
करीब 100 करोड़ रुपये मूल्य की नजूल भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया गया। बताया जा रहा है कि सेंट्रल वक्फ काउंसिल द्वारा इस जमीन पर लोन भी दिया गया है। नायब तहसीलदार कोर्ट में सुनवाई के बाद मस्जिद के आसपास हुए निर्माण को अवैध अतिक्रमण माना था, इसलिए इसको हटाया गया। कलेक्टर शिवम वर्मा का कहना है कि मौके पर मुसाफिरखाने और अन्य निर्माण की जांच भी की जाएगी। आज आसपास के अवैध हिस्सों को तोड़ दिया गया है।
यह भी पढ़ें- भोपाल के बड़े तालाब पर तान रखा था गोदाम, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर, सीमांकन के बाद प्रशासन की पहली बड़ी कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान आसपास की बाउंड्रीवाल को हटाया गया। साथ ही यहां पर बनाए गए बाथरूम, ऑफिस और क्वाटर को भी हटाया गया। कुछ हिस्सा मुसाफिर खाने का भी हटाया। तोड़फोड़ के बीच कुछ लोगों ने विरोध करते हुए निर्माण हटाने की मोहलत मांगी। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने अन्य अतिक्रमण हटाने के लिए सात दिन का समय दिया है।