
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देश-दुनिया में ख्यात शहर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में मास्टर प्लान के प्रथम चरण के कार्य की शुरुआत गुरुवार को हुई। इसके चलते वीआईपी प्रवेश सुबह 11 से 3 बजे तक बंद बैरिकेंटिंग कर बंद किए गए।
मास्टर प्लान के प्रथम चरण के कार्य में गर्भगृह का चांदी का गेट दोनो ओर से तीन-तीन फीट चौड़ा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सभा मंडप (गेट के सामने वाला हिस्सा) की ऊंचाई तीन फीट कम की जाएगी। इससे भक्तों को आसानी से दर्शन हो सकेंगे।
पीछे के मंगल हाल की लकड़ी के पटियों को भी ऊंचा किया है जिसे स्थायी रूप से पक्का किया जाएगा। इससे भक्त चार लाइन में दर्शन कर सकेंगे।मुख्य पुजारी अशोक भट्ट ने बताया कि सिंहस्थ के दौरान उज्जैन आने वाले श्रद्धालु बड़ी संख्या में इंदौर आएंगे।
इसे देखते हुए खजराना गणेश मंदिर में भक्तों को बेहतर सुविधाए की जाएंगी, ताकि कम समय में ज्यादा से ज्यादा लोग दर्शन कर सके। विकास कार्य का पूजन अर्चन कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष शिवम् वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल एवं पुजारी विनीत भट्ट के सान्निध्य में किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी सुरेश फेरवानी, मंदिर प्रबंधक घनश्याम शुक्ला, गौरी शंकर मिश्रा उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि विश्व विख्यात इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में देश-दुनिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। कई वीआईपी भी दर्शन-पूजन करने और भगवान का आशीर्वाद लेने मंदिर पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं के मन में भगवान खजराना गणेश के प्रति अगाध श्रद्धा है। ऐसे में यहां श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन करने में समस्या न आए, इसकी कवायद की जा रही है। मंदिर प्रबंध समिति प्रयास कर रही है कि मंदिर में श्रद्धालुओं को सुविधा हो, ऐसी व्यवस्थाएं की जाएं। इसके लिए समिति अपने प्रयास लगातार बढ़ा रही है।