
प्रणय चौहान, इंदौर। शहर में यातायात की व्यवस्था चरमराती जा रही है। अलग-अलग क्षेत्रों में व्यस्त समय में जाम लगना और वाहनों की लाइनें लगना आम बात हो गई है। सरवटे बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में ट्रैफिक जाम के हालात में सुधार नहीं हो रहा है। इसकी एक प्रमुख वजह सरवटे बस स्टैंड से निकलने वाली बसों का रेलवे स्टेशन तक मुख्य सड़क पर कई बार रुक-रुककर सवारियों की प्रतीक्षा करना और उनको बैठाना है।
सरवटे बस स्टैंड से हर पांच से 10 मिनट में उज्जैन सहित अन्य शहरों के लिए यात्री बसें रवाना होती हैं। इस कारण सुबह हो, दोपहर हो, शाम हो या फिर रात हो, कई बार जाम की स्थिति बनती है। इसके चलते सैकड़ों वाहन चालक सुबह से रात तक परेशान होते नजर आते हैं। वे यातायात विभाग और नगर निगम के जिम्मेदारों को कोसते रहते हैं।
सरवटे बस स्टैंड के बाहर मप्र की निजी बसें, महाराष्ट्र, गुजरात सहित अन्य राज्यों की सरकारी खाली बसें भी खड़ी रहती हैं, जो यातायात को बाधित करती हैं। सरवटे से रेलवे स्टेशन सड़क के दोनों तरफ अस्थायी दुकानें परेशानी का सबब बनी हुई हैं। ऐसा नहीं है कि नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों की इन अस्थायी दुकानदारों पर नजर नहीं जाती है, लेकिन साठगांठ के चलते कोई ठोस कार्रवाई नहीं करते हैं।
सरवटे बस स्टैंड से रवाना होने वाली बसों के कारण रोजाना छोटी ग्वालटोली, मधुमिलन, पटेल ब्रिज के नीचे, रेलवे स्टेशन के सामने, रेलवे आरक्षण कार्यालय के सामने, पटेल ब्रिज चौराहे और एमवायएच द्वार के सामने जाम की स्थिति बनती नजर आती है। सरवटे से निकलने के बाद बसें पटेल ब्रिज के नीचे खड़ी रहती हैं। फिर यहां से रेंगते हुए आगे बढ़ती हैं। मात्र 300 मीटर दूर रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में प्रत्येक बस यात्रियों की प्रतीक्षा में 10 से 15 मिनट लगा देती है।
इसके बाद रेलवे आरक्षण कार्यालय के सामने, छोटी ग्वालटोली, मधुमिलन तक पहुंचने में फिर 10 मिनट लग जाते हैं। सरवटे के आसपास एक किमी क्षेत्र में जाम लगने की स्थिति नजर आई। रोजाना 100 से ज्यादा बसें सरवटे से आवाजाही कर रही हैं। शहरी क्षेत्र में देर तक खड़े रहने के बाद समय को कवर करने के लिए बसें तेज गति से दौड़ाई जा रही हैं।
सरवटे बस स्टैंड के बाहर भी 20 से 25 खाली बसें अनावश्यक रूप से खड़ी रहती हैं। बस कंडक्टर सड़क पर बसों को खड़ी करके साफ-सफाई करते नजर आते हैं। इससे स्टैंड के तीनों तरफ की सड़कें प्रभावित होती हैं। जूनी इंदौर रेलवे अंडरब्रिज के पास अवैध बस स्टैंड बना हुआ है। यहां भी रसूखदारों की बसें खड़ी रहती हैं। बस स्टैंड के बाहर और पटेल ब्रिज के नीचे बने तीनों बोगदों के नीचे कई बसों और चार पहिया वाहन चालकों ने अवैध रूप से पार्किंग बना रखी है। इससे आम वाहन चालकों को परेशानी होती है।
मधुमिलन चौराहे से एमवायएच की तरफ जाने पर टर्न पर अघोषित बस स्टॉप बना हुआ है। यहां पर खंडवा-खरगोन सहित महू व पीथमपुर की बसें भी रुक रही हैं। कई बार सवारी के लिए बीच सड़क पर बस रोकते हुए नजर आए। जबकि यहां यातायात के जवान व अधिकारी भी मौजूद नजर आए। इसके बाद भी बस चालकों को कार्रवाई का डर नहीं है। ऐसी ही स्थिति एमवायएच के गेट के सामने भी रोजाना बन रही है।
सरवटे बस स्टैंड पर लगातार कार्रवाई जारी है। आसपास के क्षेत्र में नगर निगम के साथ मिलकर अभियान चलाकर कार्रवाई करेंगे। अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) बस स्टैंड के शुरू होने से करीब 100 बसें शुरू हो चुकी हैं। - विक्रम रघुवंशी, एडिशनल डीसीपी, ट्रैफिक