
नईदुनिया न्यूज, मानपुर। मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भिचौली में बेटी को तलाशने गए पिता महेश भूरिया की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के विरोध में बुधवार सुबह ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर मानपुर थाने के सामने पहुंचे स्वजन और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर शव रखकर रास्ता जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे बड़ी संख्या में स्वजन और ग्रामीण महेश भूरिया का शव लेकर मानपुर थाने के सामने पहुंचे और हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग थी कि हत्या के सभी आरोपितों के मकान बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किए जाएं। जाम की सूचना पर मानपुर थाना प्रभारी अरुण कुमार सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने मृतक के स्वजनों व ग्रामीणों से चर्चा की और अवैध निर्माण व मकान तोड़ने की कार्रवाई के लिए कलेक्टर को पत्र लिखने की बात कही। साथ ही नियमानुसार जल्द सख्त कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने शव सड़क से हटाया और हाईवे पर यातायात सुचारू हुआ।
यह भी पढ़ें- कार की किस्त बकाया होने पर बैंक मैनेजर ने शटर गिराकर युवक को तीन घंटे बनाया बंधक, टीआई से भी की बहस
गौरतलब है कि मंगलवार शाम भिचौली निवासी महेश भूरिया (35) की बेटी घर नहीं लौटी। जिसके बाद वह उसे ढूंढने के लिए अपने मामा जादूसिंह के घर गए। वहां पर आरोपितों ने उससे गाली-गलौज कर विवाद शुरू कर दिया और उसे दीवार की ओर धकेलकर दबा दिया।
इसके बाद जादूसिंह का नाबालिग बेटा घर से रॉड लेकर आया और वार किए। इस दौरान जादूसिंह की पत्नी कविता, बेटी अंजू और जमाई श्रवण भी मौजूद रहे। गंभीर चोट लगने से महेश की मौत हो गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर सभी आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।