
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। नरसी मोंजी प्रबंधन अध्ययन संस्थान (एनएमआइएमएस) के छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। ईंट-पत्थर और बेसबॉल के बल्ले से पीटा गया। गांधी नगर पुलिस ने दोनों गुटों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। घटना सोमवार की कॉलेज के बाहर कॉफी शॉप की है।
पर्व देशाई निवासी बैंक कॉलोनी ने दिव्यांश कुशमाकर निवासी उषानगर, अर्पित जाट निवासी सुदामा नगर, इशित गौर निवासी द्वारकापुरी, अक्षत कटारिया निवासी मल्हारगंज, आयुष मित्तल निवासी गांधीनगर, कार्तिकेय कुशमाकर निवासी उषानगर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। पर्व के अनुसार वह दोस्त अथर्व मेहर, अंजनेश झंवर, रजत राठौर, ऋषि भादवार के साथ कॉफी शॉप पर था। आरोपितों ने पूछताछ की और हमला कर दिया। अर्पित को सिर में गंभीर चोट आई है।
पुलिस ने अक्षत कटारिया निवासी महेश नगर की शिकायत पर भी ऋषि निवासी विजय नगर और तनिष्क रघुवंशी के खिलाफ कायमी की है। छात्रों का आरोप है कि आरोपितों ने पार्टी के संबंध में चर्चा की और विवाद कर मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद कॉलेज परिसर में गहमागहमी का माहौल बन गया था। छात्र और दोनों पक्षों के स्वजन भी थाने पर आ गए थे।
यह भी पढ़ें- एमपी हाईकोर्ट का बड़ा फैसला... 4 साल तक सहमति से बना संबंध दुष्कर्म नहीं, निरस्त की रेप की FIR