इंदौर-शारजाह उड़ान पर युद्ध का साया, चौथी बार टला संचालन; अब 1 मई से नई बुकिंग शुरू
इंदौर से शारजाह के बीच संचालित होने वाली एकमात्र अंतरराष्ट्रीय उड़ान का संचालन एक बार फिर टल गया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 20 Apr 2026 07:28:55 PM (IST)Updated Date: Mon, 20 Apr 2026 07:30:58 PM (IST)
इंदौर-शारजाह उड़ान पर युद्ध का सायाHighLights
- चौथी बार टली इंदौर-शारजाह अंतरराष्ट्रीय उड़ान
- यात्रियों की कमी और युद्ध आशंका बनी वजह
- एक मई से फिर शुरू हुई बुकिंग
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। अमेरिका-ईरान के बीच जारी युद्ध का असर हवाई सेवाओं पर पड़ने लगा है। इंदौर से शारजाह के बीच संचालित होने वाली एकमात्र अंतरराष्ट्रीय उड़ान का संचालन एक बार फिर टल गया है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 19 अप्रैल से उड़ान शुरू करने की घोषणा करते हुए बुकिंग शुरू की थी, लेकिन संचालन शुरू नहीं हो सका। अब कंपनी ने एक मई से उड़ान संचालित करने के लिए बुकिंग शुरू की है। हालांकि मौजूदा हालात को देखते हुए इस बार भी संचालन शुरू करने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
यूएई की यात्रा से दूरी
दरअसल युद्ध की संभावना और गर्मी को देखते हुए यात्रियों ने यूएई की यात्रा से दूरी बना रखी है। इससे इंदौर से शारजाह के बीच संचालित होने वाली प्रदेश की एकमात्र अंतरराष्ट्रीय उड़ान को लेकर फिर इंतजार बढ़ गया। कंपनी की वेबसाइट पर अब एक मई से बुकिंग शुरू की गई है। खाड़ी क्षेत्र में युद्ध की आशंका और तेज गर्मी के चलते यात्रियों ने यूएई की यात्रा से दूरी बना ली है।
ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन आफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन के अनुसार, ज्यादातर पर्यटक और कारोबारी लोग फिलहाल खाड़ी देशों की यात्रा से बच रहे हैं। यही वजह है कि यात्रियों की संख्या कम होने पर एयरलाइंस उड़ान शुरू करने से हिचक रही है।
तीन बार पहले भी टल चुकी उड़ान
इंदौर-शारजाह रूट पर पहले यह उड़ान सप्ताह के सातों दिन संचालित होती थी, जिसे समर सीजन में घटाकर चार दिन कर दिया गया था।
युद्ध की स्थिति के बाद इसे बंद कर दिया गया। इसके बाद तीन बार उड़ान शुरू करने की घोषणा हुई और बुकिंग भी खोली गई, लेकिन हर बार संचालन टल गया। अब चौथी बार एक मई की तारीख तय की गई है।