MP Budget 2026: जबलपुर से रीवा तक खिलेगी खुशहाली: बरगी नहर के लिए 399 करोड़ रुपये मंजूर, 3.76 लाख हेक्टेयर में होगी सिंचाई
रगी डायवर्जन प्रोजेक्ट के लिए मप्र सरकार ने 399 करोड़ रुपये बजट में शामिल किए हैं। इस राशि से 34 साल पुराने प्रोजेक्ट को रफ्तार मिलेगी। इससे जबलपुर के ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 19 Feb 2026 10:56:36 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Feb 2026 10:56:36 AM (IST)
जबलपुर से रीवा तक खिलेगी खुशहाली नईदुनिया,जबलपुर। बरगी डायवर्जन प्रोजेक्ट के लिए मप्र सरकार ने 399 करोड़ रुपये बजट में शामिल किए हैं। इस राशि से 34 साल पुराने प्रोजेक्ट को रफ्तार मिलेगी। इससे जबलपुर के अलावा कटनी, सतना और रीवा जिलों में सिंचाई परियोजना को लाभ होगा।
साल 1991 में यह प्रोजेक्ट शुरू हुआ था। उस वक्त कुल लागत 1101 करोड़ थी। समय के साथ प्रोजेक्ट धीमा पड़ा और लागत भी 5127 करोड़ के आसपास पहुंच गई। फिलहाल 399 करोड़ रुपये में बरगी डायवर्जन प्रोजेक्ट में 197 किमी लंबी मुख्य नहर, जिससे 3.76 लाख हेक्टेयर खेती लायक जमीन को सिंचाई की सुविधा मिलना है। इसमें स्लीमनाबाद में बन रही 12 किमी लंबी टनल का हिस्सा भी है, जो 2008 से निर्माणाधीन है। यह टनल मई 2026 में पूरी होने की उम्मीद है।
कार्य में तेजी आएगी
नर्मदा घाटी के मुख्य अभियंता डीएल वर्मा ने कहा कि पूरक बजट में मार्च तक के लिए 399 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इससे कार्य में तेजी आएगी। इसके अनुसार दायीं तट नहर के लिए यह राशि है। इसमें रीवा ब्रांच कैनाल के तीन हिस्से, विजयराघौगढ़ नहर और टनल से जुड़े निर्माण के अलावा डब्ल्यूएम सड़क आदि पर राशि खर्च होना है।
बहोरीबंद-मझौली पहुंचेगा नहर से पानी, मिले 100 करोड़
सरकार ने बहोरीबंद माइक्रो उद्यान सिंचाई योजना के अंतर्गत 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। मुख्य अभियंता डीएल वर्मा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को 2029 तक पूरा किया जाना है। इसमें 46 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचाई का लक्ष्य है। बहोरीबंद से दायीं तट नहर के 102 किलोमीटर के हिस्से से पानी लिफ्ट कर बहोरीबंद और मझौली क्षेत्र में पहुंचाया जाएगा।