जबलपुर में सड़क निर्माण में बड़ा खेल, 6.17 करोड़ रुपये के काम में मानकों की धज्जियां, गलत बिटुमेन ग्रेड ने खोली पोल
खापरीक्षा में खुलासा हुआ है कि जबलपुर में पॉलीमर मॉडिफाइड बिटुमेन (पीएमबी) के उपयोग में भारतीय मानक (आईएस) कोड का पालन नहीं किया गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 12 Apr 2026 08:28:00 PM (IST)Updated Date: Sun, 12 Apr 2026 08:28:00 PM (IST)
जबलपुर में सड़क निर्माण में बड़ा खेल( फाइल फोटो)HighLights
- 6.17 करोड़ का सड़क निर्माण कार्य सवालों में
- गलत ग्रेड बिटुमेन से तैयार हुई सड़क
- सड़क की गुणवत्ता और टिकाऊपन पर खतरा
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। लोक निर्माण विभाग के सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर एक और गंभीर मामला सामने आया है। लेखापरीक्षा में खुलासा हुआ है कि जबलपुर में पॉलीमर मॉडिफाइड बिटुमेन (पीएमबी) के उपयोग में भारतीय मानक (आईएस) कोड का पालन नहीं किया गया, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
क्या है मामला
रिपोर्ट के अनुसार, आईएस:15462-2004 के तहत पीएमबी तैयार करने के लिए 30-50 पेनेरेशन ग्रेड बिटुमेन का उपयोग अनिवार्य है। इसके विपरीत, जबलपुर संभाग के एनडीबी पैकेज-15 में 60/70 ग्रेड बिटुमेन का उपयोग कर पीएमबी-40 तैयार किया गया, जो स्पष्ट रूप से मानकों का उल्लंघन है।
लेखापरीक्षा (जून 2024) में पाया गया कि इस कार्य में करीब 12,365.78 घन मीटर बिटुमिनस कंक्रीट (बीसी) के लिए 1,669.38 मीट्रिक टन पीएमबी का उपयोग किया गया, जिसकी लागत लगभग 6.17 करोड़ रुपये है। गलत ग्रेड के उपयोग के कारण यह पूरा कार्य अवमानक श्रेणी में आ गया।
गुणवत्ता और टिकाऊपन पर सीधा असर
विशेषज्ञों के अनुसार, गलत ग्रेड बिटुमेन के उपयोग से सड़क की गुणवत्ता और टिकाऊपन पर सीधा असर पड़ता है। खासकर भारी यातायात वाली सड़कों पर इससे सड़क की उम्र कम हो सकती है और जल्दी खराब होने का खतरा बढ़ जाता है।
कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं दी गई
मामले में शासन की ओर से कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं दी गई। हालांकि, संबंधित अधिकारियों ने तर्क दिया कि पीएमबी-40 के निर्माण में अंतिम उत्पाद का पेनेरेशन 30-50 के बीच रखा जाता है।
लेखापरीक्षा ने इस जवाब को खारिज करते हुए कहा कि मूल रूप से 60/70 ग्रेड बिटुमेन का उपयोग करना ही मानकों के खिलाफ है। इससे गुणवत्ता और प्रदर्शन में असंगति का खतरा बना रहता है, जो सड़क की संरचनात्मक स्थिरता को प्रभावित कर सकता है।
यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर... रानी कमलापति-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस निरस्त, यात्रा से पहले चेक करें स्टेटस