
सुरेन्द्र दुबे, नईदुनिया जबलपुर। न्यायाधीशों की नियुक्ति हो जाए तो उन्हें बैठाने के लिए कोर्ट रूम नहीं, कोर्ट रूम बन जाएं तो मंत्रालयीन कर्मचारियों की कमी। मध्य प्रदेश की जिला अदालतों में न्यायिक आधारभूत संरचना की कमी अब मुकदमों के निराकरण की गति प्रभावित करने वाली बड़ी चुनौती बन गई है।
अदालत ने भोपाल में अतिरिक्त कोर्ट रूम निर्माण के लिए मौजूदा परिसर के समीप जमीन उपलब्ध कराने पर विचार करने के निर्देश दिए। जबलपुर, भोपाल और ग्वालियर में आधुनिक न्यायालय भवनों का निर्माण हुआ है।
जबलपुर जिला न्यायालय परिसर आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। भोपाल का जिला न्यायालय भवन लगभग सात एकड़ में फैला है और सुविधाओं के लिहाज से देश के श्रेष्ठ न्यायालय भवनों में गिना जाता है।
राष्ट्रीय न्यायिक आंकड़ों के अनुसार मध्य प्रदेश की जिला अदालतों में 20 लाख 75 हजार 704 मुकदमे लंबित थे। न्यायिक अधिकारियों के 2,028 स्वीकृत पदों में से 1,669 पर ही नियुक्तियां हैं यानी 359 पद रिक्त हैं। इनमें 27,674 मुकदमे दस वर्ष से अधिक पुराने हैं। इस बीच 17.37 लाख मुकदमे नए दर्ज हुए, जबकि 16.78 लाख का निराकरण किया गया। लंबित मुकदमों का आंकड़ा लगातार दबाव का संकेत है।
हाई कोर्ट में सितंबर में हुई सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने बताया कि चालू वर्ष में विधि विभाग का बजट जबलपुर हाई कोर्ट भवन में 60 कोर्ट रूम निर्माण और न्यायिक अधिकारी अकादमी की परियोजनाओं में खर्च हो चुका है। आगामी वित्तीय वर्ष 2027-28 में अतिरिक्त बजट की जरूरत बताई गई। हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि न्यायपालिका को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में वित्तीय कमी का हवाला नहीं दिया जा सकता।
न्यायाधीशों की नियुक्ति, कोर्ट रूम निर्माण, मंत्रालयीन कर्मचारियों की भर्ती और न्यायालय भवनों के विस्तार की योजनाएं अलग-अलग चलने के बजाय एक साथ क्यों नहीं बनाई जातीं। अदालतों में जगह की कमी का असर विचाराधीन बंदियों, पक्षकारों और अधिवक्ताओं पर पड़ रहा है। न्यायिक व्यवस्था में केवल पद भरना पर्याप्त नहीं, न्यायाधीशों को बैठने, सुनवाई करने और प्रशासनिक कार्य संचालित करने के लिए पर्याप्त संसाधन भी जरूरी हैं।
आरके सिंह सैनी, पूर्व चेयरमैन स्टेट बार
यह भी पढ़ें- जबलपुर में सायरन बजते ही मची अफरा-तफरी, ड्रोन हमले में घायलों को बचाने दौड़ीं राहत टीमें; परखी तैयारियां