नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर Bargi Dam Cruise Tragedy 2026। बरगी डैम में हुई हृदय विदारक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए एडवोकेट्स सोशल एंड वेलफेयर एसोसिएशन जबलपुर के तत्वावधान में अधिवक्ताओं और आम नागरिकों ने शोक सभा का आयोजन किया।
खमरिया टापू के पास डूब गया
अधिवक्ता व समाजसेवी आशीष ठाकुर बोले बरगी में दुखद हादसा हुआ, जहां अचानक आए तेज आंधी-तूफान के कारण पर्यटकों से भरा क्रूज अनियंत्रित होकर पलट गया। पानी में उठी ऊंची लहरों के कारण क्रूज का संतुलन बिगड़ गया और वह खमरिया टापू के पास डूब गया। इस दर्दनाक हादसे में 10 से अधिक लोगों की असमय मृत्यु हो गई। हृदय विदारक घटना में दिवंगतों को श्रद्धांजलि देने के लिए सिविक सेंटर से वंदे मातरम चौक तक कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान वंदे मातरम चौक पर सभी उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
प्रशासनिक व्यवस्था पर उठाए सवाल
शोक व्यक्त करते हुए शासन द्वारा दी जाने वाली राहत राशि पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महज चार लाख रुपये की सहायता से पीडि़त परिवारों की क्षति पूर्ति नहीं हो सकती। उन्होंने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए कहा कि कुछ समय पूर्व मथुरा में भी ऐसी ही घटना हुई थी, इसके बावजूद प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए।
इनकी रही उपस्थिति
इस दौरान एडवोकेट्स सोशल एंड वेलफेयर एसोसिएशन जबलपुर के अध्यक्ष एड. सतेन्द्र पाण्डेय, एड. आशीष ठाकुर, दिलीप तिवारी, एड. हर्ष सोनी, एड. संजय कुशवाहा, शिवा पटेल, एड. सचिन स्वामी, एड. शुभम कुशवाहा, एड. रजनीश झा, एड. प्रभात यादव, एड. अमर गुप्ता, एड. अतुल पटेल, अमन पटेल, शैलू पटेल, एड. नितिन तिवारी, अजय बेन, सुरेश पाठक, चंदन बेन सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।