
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर: परीक्षा पे चर्चा के नौवें संस्करण के लिए शहर के मॉडल हाई स्कूल के कक्षा 11 वीं के छात्र आयुष तिवारी को एग्जाम वरियर्स के रूप में चुना गया। वे पीएम नरेंद्र मोदी से रूबरू हुए। जिसमें अपनी जिज्ञासा व कठिनाइयों को दूर करने प्रश्न रखर सपनों व लक्ष्य को पूरा करने मार्गदर्शन लिया।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने 36 विद्यार्थियों को शार्ट लिस्ट किया था। देशभर से साढ़े चार करोड़ से अधिक विद्यार्थियों ने इसके लिए पंजीयन कराया था। कई प्रक्रियाएं होने के बाद अंत में 12 विद्यार्थी चयनित हुए। आयुष को दूसरे नंबर पर प्रधानमंत्री से बात करने का मौका मिला। इस वर्ष चर्चा के लिए दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री के निवास स्थान पर विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया था।
आयुष ने बताया कि प्रधानमंत्री से बात करने का अनुभव बहुत ही बढ़िया रहा। कई बार साक्षात्कार प्रक्रिया से गुजरना पड़ा था। मेरे मन में जो सवाल था, वो प्रधानमंत्री से पूछ लिया। प्रतिवर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परीक्षा पे चर्चा करते है।
'मैं विज्ञान विषय का विद्यार्थी हूं। उन्होंने शिक्षक की स्पीड से पढ़ने के टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विद्यार्थी को पता होता है, कि शिक्षक कौन सा चैप्टर पढ़ाने वाले है। इसलिए उस चैप्टर को घर से ही थोड़ा तैयार करके जाएं। ताकि कक्षा में परेशानी ना हो।' प्रधानमंत्री ने हम बच्चों के साथ ब्रेकफास्ट किया, साथ ही हमें असमी गमछा भी पहनाया।
यह भी पढ़ें- मैहर जिले की बेटी उद्रेका सिंह ने रचा इतिहास, Khelo India Winter Games 2026 में जीता गोल्ड
संरक्षिका शिक्षका डॉ. भारती मालपानी ने बताया कि कि मुझे दूसरी बार संरक्षिका के रुप में जाने का मौका मिला है। परीक्षा पे चर्चा को लेकर विद्यार्थियों में बहुत उत्साह नजर आया। सभी बच्चे प्रधानमंत्री से मिलने के लिए उत्साहित थे। साथ ही सभी ने अपने प्रश्न प्रधानमंत्री के समक्ष रखें।
प्रधानमंत्री ने सभी बच्चों के प्रश्नों का समाधान किया। यह कार्यक्रम छात्रों के लिए परीक्षा के तनाव को कम करने और प्रधानमंत्री के साथ सीधे संवाद के लिए आयोजित किया जाता है।