Bargi Dam Cruise Accident: 'आंखों के सामने डूब गया परिवार', तीन घंटे मौत को मात देकर लौटे रियाज की आपबीती
बरगी बांध क्रूज हादसे में सिविल लाइन निवासी रियाज हुसैन किस्मत वाले साबित हुए, जिन्हें हादसे के तीन घंटे बाद बचा लिया गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 01 May 2026 05:14:26 PM (IST)Updated Date: Fri, 01 May 2026 05:14:26 PM (IST)
तीन घंटे तक पानी में फंसे रहे रियाज हुसैनHighLights
- तीन घंटे तक पानी में फंसे रहे रियाज हुसैन
- गर्दन बाहर और शरीर पानी में, ऐसे बची जान
- परिवार के तीन सदस्य अब भी लापता
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बरगी बांध क्रूज हादसे में सिविल लाइन निवासी रियाज हुसैन किस्मत वाले साबित हुए, जिन्हें हादसे के तीन घंटे बाद बचा लिया गया। रियाज ने बताया कि बरगी बांध में शाम को जब वे क्रूज पर सवार हुए थे, तब सब कुछ सामान्य था। वह अपनी पत्नी, समधन और उनके नाती के साथ क्रूज की सवारी का आनंद ले रहे थे।
लहरें ऊपर उठीं और देखते-देखते क्रूज में पानी भर गया
शुरुआत में सब ठीक था, फिर करीब सवा छह बजे अचानक मौसम खराब हो गया। तेज आंधी चली। उस वक्त क्रूज लौट रहा था। अंधड़ से क्रूज का संतुलन बिगड़ गया, लहरें ऊपर उठीं और देखते-देखते क्रूज में पानी भर गया। वह डूबने लगा। हर कोई पानी में डूबने लगा।
रियाज ने बताया कि उनकी पत्नी, समधन और उनका नाती पलक झपकते ही आंखों से ओझल हो गए। वह खुद को भी संभाल नहीं पा रहे थे। चारों तरफ चीख-पुकार और तेज अंधड़ का शोर था। डूबता क्रूज और मदद की गुहार लगाते लोग थे।
चमत्कार हो गया
रियाज ने बताया कि उन्हें खुद भी बचने की उम्मीद कम थी, मगर उसके बाद जो हुआ वह किसी चमत्कार से कम नहीं था। पानी में डूबते हुए उन्हें याद भी नहीं कि वह कब बांध की एक ऐसी जगह पहुंच गए, जहां उनकी गर्दन इस तरह फंस गई कि गर्दन पानी के बाहर और पूरा शरीर पानी के अंदर था। उन्होंने बताया कि इस स्थिति में उन्हें सांस आती रही। करीब तीन घंटे तक वह वहां फंसे रहे। बांध के पानी में आसपास लोगों के शव तैरते नजर आ रहे थे।