
नईदुनिया प्रतिनिधि,जबलपुर। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू कई बार बोल चुके हैं कि यह सड़क चलने के लिए बनवाई गई थी लेकिन बारिश में पुलिया नाले में बदल जाती है क्योंकि पानी की निकासी इसी मार्ग से होती है।
बारिश के दौरान ही मदन महल की ओर से एक कार चालक ने वाहन को पुलिया पार करने का प्रयास किया लेकिन वाहन निकल नहीं सका। काफी मशक्कत के बाद भी जब वाहन नहीं निकला तो क्रेन की मदद लेकर वाहन बाहर निकालना पड़ा।
प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय हो रही हैं। मंगलवार शाम चली तेज हवाओं और हुई वर्षा ने मानसून की दस्तक का एहसास करा दिया था। हालांकि बुधवार को सुबह से तेज धूप और उमस के बीच दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन अपेक्षित बारिश नहीं हो सकी।
अब मौसम विभाग ने गुरुवार को मौसम के और अधिक बिगड़ने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जिले में 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और कई स्थानों पर बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वोत्तर भारत के शेष भागों, संपूर्ण सिक्किम तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ क्षेत्रों तक पहुंच चुका है। अगले चार से पांच दिनों में इसके महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर 37 से 67 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नमी बढ़ने और प्री-मानसून सिस्टम सक्रिय होने के कारण आगामी दिनों में तापमान में गिरावट के साथ वर्षा की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में पूर्व मंत्री हरेंद्रजीत सिंह बब्बू को फिर मिली जान से मारने की धमकी, गोरखपुर थाने में FIR दर्ज