
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में एक बार फिर मनीष मिश्रा ने बाजी मारी है। कड़े मुकाबले और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुए इस चुनाव में अधिवक्ताओं ने उन पर फिर से अपना भरोसा जताया है। मनीष मिश्रा को दोबारा जिला बार एसोसिएशन जबलपुर का अध्यक्ष चुना गया है।
परिणामों की घोषणा होते ही जिला अदालत परिसर में वकीलों ने आतिशबाजी कर और ढोल-नगाड़ों की धुन पर जश्न मनाया। समर्थकों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने मनीष मिश्रा को फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी।
अध्यक्ष पद पर दोबारा निर्वाचित हुए मनीष मिश्रा ने स्पष्ट किया था कि बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा अधिवक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान कराना ही उनका मुख्य लक्ष्य होगा। इस जीत के बाद बार एसोसिएशन के अन्य पदों पर विजयी रहे प्रत्याशियों को भी शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है।