रविवार की छुट्टी ने बिगाड़ी जबलपुर की सूरत, सड़कों पर कचरे का अंबार, 'स्वच्छ शहर' के दावों की खुली पोल
जबलपुर में सफाई व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों की पोल रविवार को खुलती नजर आई। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 26 Apr 2026 05:37:38 PM (IST)Updated Date: Sun, 26 Apr 2026 05:37:38 PM (IST)
रविवार की छुट्टी ने बिगाड़ी जबलपुर की सूरत( एआई फोटो)HighLights
- रविवार को सफाई व्यवस्था ठप
- जगह-जगह लगे कचरे के ढेर
- 450 टन कचरा नहीं उठा
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के दावों के बीच रविवार को छुट्टी के दिन शहर की सफाई व्यवस्था भी छुट्टी पर चली गई। शहर की मुख्य सड़कों से लेकर गली-मोहल्लों और कालोनियों के आसपास जगह-जगह कचरे के ढेर लगे रहे। रविवार को कचरे का उठाव नहीं हुआ। मवेशी और अन्य जानवर भी कचरे के ढेर में मुंह मारते हुए इधर-उधर कचरा फैलाते रहे, जिससे राहगीरों की परेशानी बढ़ती रही।
रविवार को आउटसोर्स कर्मचारी भी रहे छुट्टी पर
वैसे तो नगर निगम के नियमित व संविदा कर्मचारी ही रविवार को छुट्टी मनाते हैं, लेकिन वर्तमान में ठेके पर दी गई शहर की सफाई व्यवस्था में लगे आउटसोर्स कर्मचारी भी रविवार को छुट्टी मनाने लगे हैं। नतीजतन रविवार को शहर की अधिकांश सड़कों पर न तो झाड़ू लगती है और न ही कचरा उठता है। कई क्षेत्रों में तो कचरा गाड़ी भी नहीं पहुंचती। मजबूरीवश लोग घरों का कचरा आसपास फेंक रहे हैं।
इन स्थानों पर नजर आए कचरे के ढेर
घमापुर थाने के करीब, कांचघर चौक से रेलवे स्टेशन रोड पर शराब दुकान के पास कचरे के ढेर लगे रहे। शीतलामाई वार्ड में सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास कचरे का ढेर सड़क पर फैला रहा। मालगोदाम के पास इंदिरा मार्केट रोड पर भी जगह-जगह कचरे की ढेरियां देखी गईं। उधर गोहलपुर और अमखेरा रोड पर भी कचरे के ढेर लोगों को परेशान करते रहे।
450 टन निकलता है कचरा
विदित हो कि शहर में रोजाना करीब 450 टन कचरा निकलता है। रविवार को सफाई कर्मचारियों की छुट्टी के कारण अधिकांश स्थानों का कचरा नहीं उठाया जाता।
यह भी पढ़ें- मौत बनकर दौड़ी वीडियो कोच बस, ग्वालियर में टायर फटने के बाद लगी आग; पुलिस ने कांच तोड़कर बचाई 16 जिंदगियां