
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र में फरार तीन बदमाशों ने चौबीस घंटे के अंदर दूसरी वारदात की। मंगलवार रात रानीताल फ्लाइओवर के पास दो भाइयों पर चाकू से हमले के बाद फायरिंग कर दिया।
घटना में दो युवक घायल हुए हैं। अन्ना मोहल्ला निवासी अथर अंसारी और उसका भाई अली हुसैन मंगलवार रात मंडी से लौट रहे थे। रानीताल फ्लाइओवर के पास सत्या सिंह, सत्यम साहू और वीरू संग्राम ने उन्हें रोककर रुपये मांगे।
इनकार करने पर आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पहले आरोपियों ने सोमवार रात गंजीपुरा के सुपर मार्केट निवासी तरुण मिरगे से साहू मोहल्ला में दो हजार रुपये मांगे थे। मना करने पर उस पर चाकू से हमला किया और फिर फायरिंग कर भाग गए थे। गोली तरुण के पैर में लगने पर अस्पताल में भर्ती किया गया था। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। इधर उन्होंने फिर वारदात कर दी।
तिलवारा के रमनगरा के पास सड़क पर गिरकर घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मंगलवार रात मौत हो गई। मृतक की पहचान संजीवनी नगर के परसवाड़ा निवासी राजा बर्मन (35) के रूप में हुई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में कोचिंग संचालक की कार का कांच तोड़ा, 25 हजार रुपये से भरा बैग पार