
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पिछले तीन दिनों से बादल अठखेलियां कर रहे हैं। मौसम विभाग की माने तो दक्षिण पश्चिम मानसून ने केरलम में दस्तक दे दी है। कर्नाटक, तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों को मानसून ने कवर कर लिया हैं।
गर्मी से बेहाल लोगों के लिए बादल राहत बनकर बरसे। करीब 10 मिनट तक हुई झमाझम बारिश से सड़कें तरबतर हो गईं। मिट्टी की साैंधी खुशबू ने वातावरण को खुशनुमा कर दिया। मौसम विभाग के रिकार्ड में 7.6 मिमी बारिश दर्ज हुई। झमाझम बारिश ने ये संदेश भी दे दिया कि मानसून अब बेहद करीब है।
गुरुवार को सुबह से धूप निकली रही। गर्मी भी परेशान करती रही। दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया और आसमान पर बादल मंडराने लगे। राह चलते लोग कुछ समझ पाते उसके पहले ही बादल बरस उठे।
करीब 10 मिनट तक हुई बारिश ने राहगीरों को भिगो दिया। मौसम का हाल देख लगा कि बारिश का दौर लंबा चलेगा परंतु 10 मिनट बारिश कर बादल थम गए। रात को भी हल्की बूंदबांदी हुई।
झमाझम बारिश के कारण कई जगह सड़क किनारे पानी भर गया। कलेक्ट्रेट तिराहे के पास सड़क पानी भरने से राहगीर जहां परेशान रहे। अमृत 2 के तहत रेलवे पुल एक नंबर से कांचघर की तरफ जाने वाले मार्ग कीचड़ में तब्दील हो गया। यहां वाहन चालक फिसलते और फंसते नजर आएं। इसी तरह रानीताल, बल्देवबाग, चेरीताल रोड, रसल चौक में कई जगह सड़क किनारे जगहों पर पानी के डबरे भरे रहे।
जबलपुर सहित आस-पास के जिलों में बारिश से तापमान में आंशिक रूप से उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.0 और न्यूनतम 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में जबलपुर सहित संभाग के जिलों में कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
सूर्योदय- 5: 24
सूर्यास्त- 6: 54
तापमान
अधिकतम - 39.0
न्यूनतम -27.8
आर्दता-51
-83
जबलपुर
दिनांक- अधिकतम - न्यूनतम
05 जून - 37.0 - 28.0
06 जून- 37.0 - 28.0
कटनी
05 जून - 40.0 - 30.0
06 जून- 40.0 - 30.0
मंडला
05 जून - 38.0 - 24.0
06 जून- 38.0 - 24.0
यह भी पढ़ें- जबलपुर आरपीएफ का बड़ा एक्शन, ई-टिकटों की कालाबाजारी का भंडाफोड़, साइबर कैफे संचालक गिरफ्तार