
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। हाई कोर्ट ने किसी व्यक्ति को हिरासत में रखने का आदेश जारी करने में गंभीर त्रुटियां सामने आने पर रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह पर कड़ी नाराजगी जताई। मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोगजे व न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगलपीठ ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि कमिश्नर को इस जिम्मेदारी भरे काम के लिए बुनियादी प्रशिक्षण की जरूरत है।
हिरासत संबंधी कानूनी प्रक्रिया की जानकारी में कमी पर न्यायालय ने सवाल उठाए। मामला रीवा निवासी ओमप्रकाश गुप्ता की याचिका से संबंधित है। कमिश्नर ने पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत उन्हें छह माह के लिए भोपाल जेल में निरुद्ध रखने का आदेश जारी किया था।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 70,979 किसानों ने बेचा धान, एक दिन में हुई 63 हजार टन से अधिक खरीदी
हिरासत में रखने का आदेश देना गंभीर जिम्मेदारी
इस आदेश को चुनौती देते हुए अधिवक्ता आलोक तिवारी के माध्यम से हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई। सुनवाई के दौरान हिरासत आदेश में कई त्रुटियां इंगित कीं। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि किसी व्यक्ति को हिरासत में रखने का आदेश देना बेहद संवेदनशील और गंभीर जिम्मेदारी है।
इसके लिए कानूनी प्रावधानों और निर्धारित प्रक्रिया की स्पष्ट समझ होना आवश्यक है। हाई कोर्ट ने कमिश्नर को आदेश में सामने आई त्रुटियों और न्यायालय द्वारा उठाए गए सवालों पर दोबारा संक्षिप्त जवाब दाखिल करने के लिए दो दिन का समय दिया है। अगली सुनवाई में प्रस्तुत जवाब के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ महिला मोर्चा भाजपा की टीम यूपी में उतरी, सीएम योगी के समर्थन में घर-घर पहुंच रहीं 73 नेत्रियां