
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मझगवां थाना क्षेत्र के ग्राम नुंजा कालोनी में पुराने विवाद को लेकर एक युवक की चाकू से हत्या कर दी गई। आरोप है कि बहन को भगाकर ले जाने के विवाद में साहिल चौधरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गणेश वंशकार (22) पर चाकू से कई वार किए। हमले में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार गणेश के बड़े भाई जितेंद्र ने करीब एक वर्ष पूर्व आकांक्षा चौधरी से प्रेम विवाह किया था। इस बात से आकांक्षा का भाई साहिल नाराज था। उनके प्रेम विवाह के बाद से दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था।
गणेश गांव में गणेश पंडाल में पूजन करने गया था। लौटते समय साहिल ने उसे बातचीत के लिए श्मशान घाट के पास बुलाया। वहां साहिल के दो-तीन साथी पहले से मौजूद थे। बातचीत के दौरान साहिल ने गणेश से अभद्रता शुरू कर दी।
विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। साथियों ने गणेश को पकड़ लिया और साहिल ने चाकू निकालकर उसकी पीठ व जांघ पर तीन-चार वार कर दिए।
घटना की जानकारी मिलने पर गणेश के स्वजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पीएम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। शव लेकर पहुंचने स्वजन ने सिहोरा-मझगवां मार्ग पर प्रदर्शन किया। युवक का शव सड़क पर रखकर यातायात बाधित कर दिया।
प्रदर्शनकारी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। मामले में एक का नाम एफआइआर में दर्ज नहीं होने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जांच व उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद स्वजन ने अंतिम संस्कार किया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में चिकन के रेट पर विवाद... युवक की नाले में फेंककर हत्या; फौजी जीजा ने भागकर बचाई जान