
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर और आसपास के क्षेत्रों में साइबर ठगी के चार मामले सामने आए हैं। ठगों ने ऑनलाइन नौकरी का झांसा देकर एक कालेज छात्रा से एक लाख 87 हजार रुपये से अधिक की रकम ऐंठ ली।
मोबाइल हैंग होने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के बाद तीन अन्य लोगों के बैंक खातों से रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर ली गई। संबंधित थानों की पुलिस ने मंगलवार को चारों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विजय नगर पुलिस के अनुसार, एकता नगर निवासी आंचल पांडे (18) कालेज छात्रा है। 11 से 13 अक्टूबर के बीच उसे टेलीग्राम पर ऑनलाइन नौकरी का झांसा दिया गया। इसके बाद अलग-अलग क्यूआर कोड भेजकर उससे एक लाख 87 हजार 189 रुपये जमा करा लिए गए। ठगी का पता चलने पर उसने पुलिस से शिकायत की।
घमापुर पुलिस के अनुसार, कांचघर चौक निवासी नरेश शर्मा (59) का मोबाइल 21 अक्टूबर को अचानक हैंग हो गया। इसके बाद फोन रीसेट हो गया। उन्होंने बैंक खातों की जांच की तो पता चला कि उनके दोनों खातों से कुल 43 हजार रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर लिए गए थे।
गढ़ा पुलिस के अनुसार, छुई खदान निवासी सौरभ कोरी (18), जो आटो ड्राइहै, के मोबाइल पर 15 अक्टूबर को एक लिंक आया था। उस पर क्लिक करने के बाद उसका फोन हैंग हो गया। इसी दौरान उसके खाते से 98 हजार 885 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए गए।
बरेला पुलिस के अनुसार, कटियाघाट निवासी रोहणी प्रसाद कुशवाहा (57) के बैंक खाते से भी 41 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए गए। इस मामले में भी पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में घुमक्कड़ों के लिए एसी बसों से पर्यटन स्थलों का सफर आसान, रात तक लौटने की भी सुविधा