
नईदुनिया प्रतिपिधि, जबलपुर। रानीताल स्थित एक निजी कोचिंग इंस्टीट्यूट के संचालक की कार का कांच तोड़कर अज्ञात चोर 25 हजार रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया।
बुधवार शाम वारदात का पता चलने पर कोचिंग संचालक ने लार्डगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। बैग में नकदी के अलावा महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे थे।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बावजूद कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका। गढ़ा निवासी राहुल तिवारी रानीताल में निजी कोचिंग इंस्टीट्यूट का संचालन करते हैं।
कोचिंग संचालक राहुल तिवारी ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे वे रानीताल स्थित अपने कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार (एमपी 20 सीई 1728) दवा दुकान के पास खड़ी की थी। एक बार कार्यालय से बाहर आने पर उन्हें कार में किसी तरह की छेड़छाड़ नजर नहीं आई।
आसपास के लोगों ने उन्हें कार का कांच टूटे होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे तो कार की पिछली खिड़की का कांच टूटा मिला और अंदर रखा रुपयों से भरा बैग गायब था।
बैग में 25 हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे वारदात के बाद राहुल ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की, लेकिन उनमें संदिग्ध की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर जिला अस्पताल में ओपीडी से गायब मिले सात डाॅक्टर, सिविल सर्जन ने थमाया कारण बताओ नोटिस