
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) में शामिल होने वाले शिक्षकों को अब अपनी योग्यता साबित करने के लिए परीक्षा में निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल करना अनिवार्य होगा।
परीक्षा में सामान्य वर्ग के शिक्षकों को पास होने के लिए 60 प्रतिशत अंक यानी प्रथम श्रेणी के बराबर अंक लाने होंगे, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों को 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना जरूरी होगा।
परीक्षा का आयोजन 20 दिसंबर को सुबह 11 बजे से किया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को एक हजार रुपये परीक्षा शुल्क जमा करना होगा। जिले में इस परीक्षा को लेकर करीब पांच हजार से अधिक शिक्षकों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि आवेदन की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है।
प्रदेश स्तर पर भी अब तक करीब डेढ़ लाख शिक्षकों में से केवल 34 हजार ने ही आवेदन किया है। ऐसे में आने वाले दिनों में आवेदन प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन न्यायालय के आदेश के अनुपालन में किया जा रहा है।
आदेश के अनुसार प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर अध्यापन कर रहे ऐसे शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 से पहले पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा, जिन्होंने अब तक निर्धारित पात्रता परीक्षा पास नहीं की है। इसी व्यवस्था के तहत शिक्षकों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जा रहा है।
इस परीक्षा में सरकारी स्कूलों में कार्यरत माध्यमिक शिक्षक, अध्यापक और संविदा शाला शिक्षक वर्ग-2 शामिल हो सकेंगे। इसके अलावा निजी स्कूलों में माध्यमिक कक्षाओं को पढ़ाने वाले वे शिक्षक भी परीक्षा दे सकेंगे, जिन्होंने अभी तक शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की है। परीक्षा जिला मुख्यालय पर बनाए गए केंद्रों में आयोजित की जाएगी।
टीईटी की परीक्षा आफलाइन मोड में होगी। प्रश्नपत्र कुल 150 अंकों का रहेगा और इसे हल करने के लिए अभ्यर्थियों को ढाई घंटे का समय दिया जाएगा। सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे और प्रत्येक प्रश्न के चार विकल्प दिए जाएंगे, जिनमें से एक सही उत्तर चुनना होगा। प्रत्येक सही प्रश्न एक अंक का होगा। प्रश्नपत्र को दो भागों में बांटा जाएगा। भाग-अ सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य रहेगा, जबकि भाग-ब में दिए गए विषयों में से किसी एक विषय का चयन करना होगा।
यह भी पढ़ें- दोबारा NEET-PG की मांग पर हाई कोर्ट सख्त, कहा- एक अभ्यर्थी के लिए अलग से नहीं हो सकती परीक्षा