
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर से मंडला फोर्ट के बीच रेल यात्रियों को जल्द ही बड़ी सुविधा मिलने वाली है। अभी तक जबलपुर-नैनपुर और नैनपुर-मंडला फोर्ट के बीच अलग-अलग नंबर से चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों को अब एक ही ट्रेन के रूप में संचालित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इस प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड से आवश्यक स्वीकृति मिल चुकी है। अब रेल जोन स्तर पर ट्रेनों की नई समय-सारिणी तय की जाएगी, जिसके बाद इन ट्रेनों का मर्जर कर दिया जाएगा।
वर्तमान व्यवस्था के तहत जबलपुर-नैनपुर और नैनपुर-मंडला फोर्ट के बीच पैसेंजर ट्रेनों का संचालन दो अलग-अलग हिस्सों में होता है। पश्चिम मध्य रेल के रैक से ट्रेन जबलपुर से नैनपुर तक चलती है, जबकि उसी रैक को अलग नंबर देकर दक्षिण पूर्व मध्य रेल द्वारा नैनपुर से मंडला फोर्ट तक संचालित किया जाता है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद दोनों हिस्सों को मिलाकर एक ही ट्रेन बना दी जाएगी। इससे पश्चिम मध्य रेल जबलपुर से मंडला फोर्ट तक सीधी पैसेंजर ट्रेन सेवा संचालित कर सकेगा।
ट्रेनों के मर्जर से जबलपुर आने वाले यात्रियों को मंडला जाने के लिए बेहतर कनेक्टिंग ट्रेन सुविधा मिलेगी। अन्य शहरों से जबलपुर स्टेशन पहुंचने वाले यात्री सीधे पैसेंजर ट्रेन से मंडला फोर्ट तक सफर कर सकेंगे।
साथ ही नैनपुर स्टेशन पर ट्रेनों के लंबे ठहराव में भी कमी आएगी, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और वे अपेक्षाकृत जल्दी अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
वर्तमान में जबलपुर से शाम 6:55 बजे रवाना होने वाली पैसेंजर ट्रेन रात 11 बजे नैनपुर स्टेशन पहुंचकर समाप्त हो जाती है। इसके बाद तड़के लगभग 3:45 बजे वही ट्रेन मंडला फोर्ट के लिए रवाना होती है।
इस व्यवस्था के कारण मंडला जाने वाले यात्रियों को पूरी रात नैनपुर स्टेशन पर इंतजार करना पड़ता है। ट्रेनों के मर्जर के बाद यह ट्रेन सीधे मंडला फोर्ट तक जाएगी। इसके लिए जबलपुर से ट्रेन के प्रस्थान समय में बदलाव करने पर भी विचार किया जा रहा है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद मंडला जिले से रोजाना कामकाज के लिए जबलपुर आने-जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। शाम के समय सीधे मंडला फोर्ट तक ट्रेन चलने से यात्रियों की यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।