
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। इंडिगो एयरलाइंस का नया उड़ान शेड्यूल सोमवार से लागू हो गया है। नए शेड्यूल के प्रभाव में आते ही जबलपुर एयरपोर्ट से संचालित होने वाली उड़ानों की संख्या में कमी दर्ज की गई है।
अब सप्ताह में 42 के स्थान पर केवल 36 उड़ानें संचालित होंगी। उड़ानों में कटौती का सबसे अधिक असर नवी मुंबई और बेंगलुरु सेक्टर पर पड़ा है, जहां अब प्रतिदिन विमान सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी।
नए शेड्यूल के अनुसार नवी मुंबई और बेंगलुरु के लिए उड़ानें सप्ताह के चुनिंदा दिनों में ही संचालित की जाएंगी। हालांकि दिल्ली, इंदौर और हैदराबाद के लिए विमान सेवाएं पहले की तरह प्रतिदिन जारी रहेंगी। राहत की बात यह है कि उड़ानों के आगमन और प्रस्थान के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
ऐसे में उड़ानों की संख्या कम होने से नियमित यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ सकता है। विशेष रूप से व्यवसाय, शिक्षा और चिकित्सा कारणों से यात्रा करने वाले यात्रियों पर इसका असर पड़ेगा।
जबलपुर एयरपोर्ट के प्रभारी निदेशक नीरज गुडवानी ने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस के नए शेड्यूल के अनुसार कुछ उड़ानों में कमी की गई है। एयरलाइन द्वारा जारी कार्यक्रम के तहत ही उड़ानों का संचालन किया जा रहा है।
फिलहाल उड़ानों के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है और यात्रियों को यात्रा से पहले एयरलाइन का अद्यतन शेड्यूल अवश्य देख लेना चाहिए।
उड़ानों में कटौती को लेकर व्यापारिक और औद्योगिक संगठनों ने चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि जबलपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में हवाई सेवाओं का विस्तार होना चाहिए, जबकि लगातार उड़ानों में कमी क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को प्रभावित कर सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर भविष्य में एयरलाइंस कंपनियां पुनः उड़ानों की संख्या बढ़ाने पर विचार कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें- Jabalpur Cruise Accident : हादसे से लिया बड़ा सबक, अब लहरों की भी होगी कानूनी जांच