
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले जिले के 3319 मेधावी विद्यार्थियों के खातों में लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि पहुंची। राशि खाते में आते ही विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। विद्यार्थियों ने कहा कि सरकार की इस पहल से उन्हें डिजिटल शिक्षा के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।
मॉडल हाई स्कूल में मंगलवार को इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिंकुज विज, जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे और संयुक्त संचालक घनश्याम सोनी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। विद्यार्थियों को योजना की जानकारी देते हुए राशि के उपयोग और लैपटॉप खरीदने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कहा कि लैपटॉप मिलने से पढ़ाई के लिए ऑनलाइन सामग्री, शैक्षणिक वीडियो और डिजिटल संसाधनों का उपयोग करना आसान होगा। कई विद्यार्थियों के लिए यह राशि उच्च शिक्षा की तैयारी में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।
कार्यक्रम में जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए विद्यार्थी ओम चौकसे भी भोपाल पहुंचे। उन्होंने सरकार की इस पहल को विद्यार्थियों के लिए प्रोत्साहन देने वाला कदम बताया।