
नईदुनिया प्रतिनिधि,जबलपुर। महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में जबलपुर ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूएन वूमेन द्वारा संचालित सेफ सिटीज एंड सेफ पब्लिक स्पेस फार वूमेन परियोजना के लिए भारत से जबलपुर का चयन किया गया है।
इसी कड़ी में बुधवार को मानस भवन के लघु सभागार में नगर निगम और यूएन वूमेन के संयुक्त तत्वावधान में महिला सुरक्षा विषयक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में महापौर जगत बहादुर सिंह "अन्नू", निगमाध्यक्ष रिंकूज विज, एमआइसी सदस्य डा. सुभाष तिवारी, विवेकराम सोनकर, अंशुल राघवेन्द्र यादव सहित महिला पार्षदों एवं यूएन वूमेन की टीम ने भाग लिया।
बैठक में महिलाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सार्वजनिक स्थलों पर उनकी सहज भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सुझावों पर चर्चा की गई। महिला पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभवों के आधार पर सुरक्षा संबंधी सुझाव प्रस्तुत किए, जिन्हें आगामी कार्ययोजना में शामिल किए जाने पर विचार किया गया।
कार्यशाला में शहर के अंधेरे और सुनसान क्षेत्रों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था विकसित करने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के सुझाव सामने आए। बसों, टैक्सियों और ऑटो रिक्शा में जीपीएस आधारित निगरानी व्यवस्था को प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा की गई।
छात्राओं और कामकाजी महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा परिवारों और बच्चों के लिए जागरूकता एवं काउंसिलिंग सत्र संचालित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। कार्यशाला में यूएन वूमेन की प्रतिनिधि जौयत्री रे और रुद्राक्ष पाठक ने परियोजना की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के सहयोग की सराहना की।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में नौकरी और मकान दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला मास्टरमाइंड सहित तीन गिरफ्तार