
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सदर स्थित गैरिसन ग्राउंड में शुक्रवार को 121 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। 121 घोड़ा बग्घियों में सवार दूल्हे बैंड-बाजा बारात लेकर पहुंचे। केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस समारोह के साक्षी बने। खास बात यह है इसमें 118 हिन्दू और तीन मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे। मौका था नगर निगम द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना’ के अंतरगत ये सामूहिक विवाह समारोह का। सभी जोड़ों का विवाह, निकाह रीति रिवाज के अनुसार कराया गया।
विवाह समारोह में शामिल हुए नव-दंपत्तियों को आशीर्वाद देते और दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं देते हुए हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है नव दंपत्ति भी इस लक्ष्य को पूरा करने में अपना बहुमूल्य योगदान दें। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि संस्कारधानी जबलपुर ने इस तरह का आयोजन कर सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि आज वसंत पंचमी है और बहुत ही शुभ मुहुर्त हैं।

आयोजन स्थल पर मंच पर ही 121 जोड़ो को बैठाया गया था। मंडप पर वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री की गरीमामयी उपस्थिति में वरमाला का आयोजन हुआ। गीत-संगीत के बीच वर-वधु ने जब एक-दूसरे को पहनाई और जो पुष्प वर्षा हुई उसने इस नजारे को अद्भुत बना दिया।
वरमाला के बाद केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, निगमाध्यक्ष रिंकुज विज द्वारा नवदपंपत्तियों को मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना के तहत 49 हजार रुपये के चेक दिए गए। जबकि शेष तीन हजार रुपये के उपहार दिए गए। इस अवसर पर राज्य सभा सदस्य सुमित्रा बाल्मिकी, विधायक डा अभिलाष पांडेय, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार उपस्थित रहे।
आयोजन स्थल पर 118 सुसज्जित मंडप बनाए थे। सभी मंडप पर बैठे पंडितों ने वैदिक रीति रिवाज से नवयुगलों को विवाह संपन्न कराया। मंडप में ही नव दंपत्तियों ने सात फेर लिए। इस अवसर पर वर और वधु के परिजन भी शामिल रहे। जबकि तीन स्थलों पर मौलवी द्वारा रीति रिवाज के अनुसार निकाह कराया गया।

- आयोजन में सभी 121 जोड़ों के लिए मंगलसूत्र बनाकर दिए गए। चांदी के मंगलसूत्र पर सोने की पॉलिश कराई गई थी।
- लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह द्वारा अपनी तरफ सभी जोड़ों को एक-एक फ्रिज और अन्य सामग्री उपहार में दी गई थी।
- इसके अलावा महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू द्वारा भी नव दंपत्ति को उपहार में मेकअप किट सहित अन्य उपहार दिए गए।
- वर और वधु पक्ष के लोग भी गीत-संगीत के बीच आयोजित समारोह में खुशी से शिरकते नजर आएं।
- आयोजन स्थल में घराती-बरातियों के लिए भोजन के प्रबंध भी किए गए थे।
- नगर निगम और महापौर की मां वैष्णोदेवी सेवा समिति की टीम व्यवस्थाओं में रात से ही जुटी रही।
यह भी पढ़ें- छोटे कर्मचारियों पर गाज क्यों? गोकशी कांड में कांग्रेस ने प्रशासन को घेरा, महापौर और एमआईसी के इस्तीफे पर अड़ी