

नईदुनिया प्रतिनिधि जबलपुर। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ वेस्ट टू वंडर पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क के सौंदर्यीकरण, हरियाली बढ़ाने और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निगमायुक्त ने पार्क परिसर में मियावकी पद्धति से सघन पौधरोपण कराने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने चिन्हित क्षेत्रों में देशी और छायादार प्रजातियों के पौधे लगाने के लिए तकनीकी तैयारी और भूमि उपचार का कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उनका कहना है कि मियावकी पद्धति से कम क्षेत्रफल में अधिक संख्या में पौधे लगाकर घना शहरी जंगल विकसित किया जा सकता है। इससे पार्क को हरित क्षेत्र और ऑक्सीजन हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेस्ट टू वंडर की मूल अवधारणा के अनुरूप कबाड़ और अनुपयोगी सामग्री से तैयार कलाकृतियों के रखरखाव पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही पार्क में नए मॉडल और आकर्षक संरचनाएं शामिल करने के लिए अधिकारियों से कार्ययोजना तैयार करने को कहा। निगमायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से ‘वेस्ट टू वंडर पार्क’ न केवल शहर के प्रमुख पर्यटन एवं आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और अपशिष्ट के रचनात्मक उपयोग की दिशा में भी एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करेगा।निरीक्षण के दौरान नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर एसपी बोले- साइबर फ्राॅड की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करें, ई-जीरो FIR का भी जल्द करें निराकरण