जबलपुर में दोस्तों ने गाली दी, मना करने पर चाकू से गला रेता, अस्पताल में मौत
मामले में पहले हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया था, जिसे अब हत्या की धाराओं में परिवर्तित किया जाएगा। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 17 Jun 2026 01:44:50 PM (IST)Updated Date: Wed, 17 Jun 2026 01:44:50 PM (IST)
रांझी निवासी किशोर जॉनसन की जीवित अवस्था की फोटो। सौजन्य स्वजनHighLights
- गंगा मैया क्षेत्र निवासी जानसन पिल्ले (13) नवमी का छात्र था
- विवाद बढ़ने पर दोनों लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया
- स्वजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन नहीं बचा पाए
नईदुनिया प्रतिनिधि,जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में गाली देने से मना करने पर हुए विवाद में चाकू से घायल हुए छात्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया।
चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए
पुलिस के अनुसार गंगा मैया क्षेत्र निवासी जानसन पिल्ले (13) कक्षा नवमी का छात्र था। 13 जून को वह अपने दो दोस्तों के साथ गया हुआ था। दोनों दोस्तों ने उसे अपशब्द कहे। जॉनसन ने इसका विरोध करते हुए उन्हें गाली देने से रोका, जिससे वे नाराज हो गए। विवाद बढ़ने पर दोनों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
स्वजन तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे
घायल जानसन को स्वजन तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा था। गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच तेज कर दी।
एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया गया था
रांझी पुलिस ने बताया कि मामले में 13 जून को ही हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया गया था। दूसरे नाबालिग को 14 जून को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपितों को बाल न्यायालय में पेश करने के बाद बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है।