
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कटनी के चर्चित जमीन घोटाले में निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के कथित करीबी ठेकेदार मारुफ अहमद हनफी को हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली। हत्या के आरोपित की जमीन अपने नाम रजिस्ट्री कराने के आरोपित हनफी ने गिरफ्तारी से बचने अग्रिम जमानत आवेदन प्रस्तुत किया था।
सुनवाई के दौरान अभियोजन के तथ्यों के बाद उसने आवेदन वापस ले लिया, जिसे न्यायालय ने निरस्त कर दिया। न्यायमूर्ति संजीव एस. कालगांवकर के समक्ष सुनवाई में राज्य शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता हरप्रीत सिंह रूपराह, शासकीय अधिवक्ता अमित पांडेय एवं पैनल अधिवक्ता अद्वितीय पराशर ने बताया कि आरोपित के बैंक खाते में तीन वर्ष से सामान्यतः तीन-चार हजार रुपये रहते थे।
यह भी पढ़ें- संविधान बचाने एक बैलगाड़ी पर चढ़े 50 कांग्रेसी, बीजेपी बोली- यह जानवरों पर अत्याचार, संविधान कैसे बचाएंगे
रजिस्ट्री के दिन अचानक जमा हुए 15 लाख रुपए
विवादित जमीन की रजिस्ट्री के दिन अचानक 15 लाख रुपये जमा हुए। कॉल डिटेल रिकॉर्ड के अनुसार आरोपित और निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के बीच करीब 180 बार बातचीत हुई। आरोप यह भी है कि आरोपी रजिस्ट्री कराने उनके वाहन से पहुंचा था। जमीन हत्या के आरोपित रमेश लोधी की बताई गई है। आरोपित ने स्वयं को झूठा फंसाए जाने का दावा किया था। कुठला थाने में दर्ज प्रकरण में फिलहाल उसे अग्रिम जमानत का संरक्षण नहीं मिला।