
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। ग्रामीण, दूरस्थ और कठिन क्षेत्रों में चिकित्सा सेवा देने वाले डॉक्टरों का अनुभव भी मेरिट का हिस्सा है। मेरिट को केवल खुली प्रतियोगी परीक्षा के अंकों तक सीमित नहीं किया जा सकता। हाई कोर्ट ने नीट पीजी- 2026 में इन-सर्विस चिकित्सकों को मिलने वाले इंसेंटिव वेटेज के समर्थन में यह महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए ओपन कैटेगरी के अभ्यर्थियों की याचिका खारिज कर दी।
इससे प्रदेश के सेवारत चिकित्सा अधिकारियों को बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने अंतरिम आदेश निरस्त कर रुकी हुई काउंसलिंग विधि के अनुसार फिर शुरू करने की अनुमति दी। याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आदित्य सांघी के साथ अधिवक्ता अलका सिंह, विनिता आहूजा और नैन ज्योति नोरिया ने पक्ष रखा।
राज्य शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता जाह्नवी पंडित के साथ शासकीय अधिवक्ता आरडी पडरहा उपस्थित हुए। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनूप नायर के साथ अधिवक्ता तनिषा खरे ने पैरवी की। हस्तक्षेपकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता सिद्धार्थ सेठ, अमित कुमार सिंह, अतुल कुमार जैन, दिनेश कुमार उपाध्याय, अनुभव सिंघल और पराग तिवारी ने पक्ष रखा।
यह भी पढ़ें- दिसंबर में बेंगलुरु के लिए चलेगी सूबेदारगंज -एसएमवीटी स्पेशल ट्रेन, एमपी के सतना, कटनी और जबलपुर में ठहराव
हाई कोर्ट ने डॉक्टर सर्वजीत की याचिका पर सुनाया फैसला
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे व न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगलपीठ ने भोपाल निवासी डॉक्टर सर्वजीत सिंह सहित अन्य की याचिका पर गुरुवार को फैसला सुनाया। याचिकाकर्ताओं ने मांग की थी कि इन-सर्विस अभ्यर्थियों को मिलने वाले इंसेंटिव अंक केवल उनके आरक्षित कोटे तक सीमित रहें और ओपन मेरिट सूची दोबारा तैयार की जाए।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि चिकित्सा शिक्षा प्रवेश नियम 2018 का नियम 14 इन-सर्विस अभ्यर्थियों के लिए 30 प्रतिशत सीटों का अलग कोटा निर्धारित करता है, जबकि पीजी मेडिकल एजुकेशन रेगुलेशन 9(4) ग्रामीण, दूरस्थ और कठिन क्षेत्रों में सेवा के लिए इंसेंटिव वेटेज देता है।
यह भी पढ़ें- संविधान बचाने एक बैलगाड़ी पर चढ़े 50 कांग्रेसी, बीजेपी बोली- यह जानवरों पर अत्याचार, संविधान कैसे बचाएंगे
दोनों व्यवस्थाएं अलग हैं। नियम 14(5) इन-सर्विस डाक्टरों को ओपन मेरिट में प्रतिस्पर्धा करने से नहीं रोकता। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि एक वर्ष की सेवा पर 10, दो वर्ष पर 20 और तीन वर्ष पर 30 प्रतिशत तक इंसेंटिव अंक मिल सकते हैं।
2 नवंबर का आदेश निरस्त
हालांकि, 30 प्रतिशत आरक्षित कोटे का लाभ केवल 30 प्रतिशत इंसेंटिव के पात्र चिकित्सकों को मिलेगा। फैसले में दो नवंबर के अंतरिम आदेश को निरस्त करते हुए कहा गया कि काउंसलिंग फिर शुरू की जा सकती है। याचिका खारिज होने के साथ हस्तक्षेप आवेदन भी निराकृत कर दिए गए।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में सीवर व्यवस्था सुधरेगी, 132.68 करोड़ की निविदा को MIC की मंजूरी