
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 20 और 21 जून को प्रस्तावित जबलपुर प्रवास को लेकर शहर में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। 21 जून को जबलपुर में एक साथ तीन बड़े आयोजनों के चलते प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
एक ओर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होंगी, वहीं दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन गैरिसन मैदान में होगा। इसी दिन नीट परीक्षा भी आयोजित की जा रही है, जिसमें जिले के 10 हजार 426 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जारी आदेश के अनुसार डुमना विमानतल, गेरिसन ग्राउंड, सर्किट हाउस क्रमांक-एक, एमईएस रेस्ट हाउस, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय और डुमना विमानतल से गेरिसन ग्राउंड तक के आवागमन मार्ग की 15 किलोमीटर परिधि में किसी भी प्रकार की उड़ान गतिविधि प्रतिबंधित रहेगी।
ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हाट एयर बैलून सहित सभी प्रकार की फ्लाइंग ऑब्जेक्ट्स के संचालन पर पूर्ण रोक रहेगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यह प्रतिबंध लागू किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक या अवांछित गतिविधि की संभावना को समाप्त किया जा सके।
प्रशासन ने नागरिकों, संस्थाओं और ड्रोन संचालकों से आदेश का पालन करने का आग्रह किया है। एसपी सम्पत उपाध्याय ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध वायुयान अधिनियम 1934 तथा अन्य संबंधित कानूनी प्रविधानों के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कलेक्ट्रेट में बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि तीनों कार्यक्रमों के सफल और निर्बाध संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कारण नीट परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में नीट परीक्षा के लिए 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बरगी और मंगेली जैसे दूरस्थ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए पेंटीनाका से विशेष बसों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचना सुनिश्चित हो सके।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी शामिल होंगी। गैरिसन मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में चार हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।