

नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मानसूनी बादलों ने पाला बदल लिया है। पश्चिमी में सक्रिय बादल अब पूर्वी मध्य प्रदेश का रुख कर रहे हैं। ऐसे में एक बार फिर मानसूनी गतिविधियां तेज होने जा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जबलपुर सहित संभाग के जिलों में अच्छी बारिश होगी।
जबलपुर, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, कटनी, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में जहां भारी बारिश की संभावना है। वहीं रीवा और छिंदवाड़ा में अतिभारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 15 से 19 अगस्त तक जबलपुर जिले में अच्छी वर्षा की संभावना है।
क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार मानसून की सक्रियता का सबसे अधिक प्रभाव जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में दिखाई दे सकता है। 14 अगस्त को सुबह 8.30 बजे यह झारखंड के रांची से लगभग 20 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था। इसके झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ से होकर पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने तथा अगले 12 घंटे में कमजोर होकर स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है।
दीर्घावधि पूर्वानुमान में 14 से 27 अगस्त के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से अधिक वर्षा होने के संकेत मिले हैं। इससे बारिश की कमी वाले क्षेत्रों को फायदा मिलने की उम्मीद है। हालांकि मौसम विभाग ने तेज बारिश के दौरान लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
विदित हो कि बारिश का दौर पिछले पांच दिनों से थमा है। बादल तो छा रहे परंतु रिमझिम बारिश हवा हो रहे हैं। इस बार मानसून सीजन में कुल बारिश 350.0 मिमी ही दर्ज की जा रही है। वहीं गत वर्ष आज के दिन तक 823.4 मिमी बारिश हो चुकी थी। तापममान की बात करें तो शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान चार डिग्री कम होकर 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
सूर्योदय- 5: 47
सूर्यास्त- 6:43
तापमान
अधिकतम -27.7
न्यूनतम - 24.6
आर्दता-93
-86
जबलपुर
दिनांक- अधिकतम - न्यूनतम
15 अगस्त- 29.0 - 24.0
16 अगस्त- 27.0 - 23.0
कटनी
15 अगस्त- 30.0 - 24.0
16 अगस्त- 29.0 - 24.0
मंडला
15 अगस्त- 27.0 - 23.0
16 अगस्त- 27.0 - 23.0