
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 स्थित वाहन स्टैंड में वाहन चालक से अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जबलपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम शशांक गुप्ता ने स्टैंड पर तैनात दोनों निजी महिला कर्मचारियों को हटा दिया है।
साथ ही मंडल के सभी वाहन स्टैंड संचालकों को यात्रियों और रेल कर्मचारियों के साथ मर्यादित व्यवहार करने की हिदायत दी गई है। यदि इस तरह की शिकायत दोबारा सामने आती है तो संबंधित कर्मचारी के साथ स्टैंड संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। गंभीर या लगातार शिकायत मिलने पर स्टैंड का ठेका निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
पूरे मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। स्टैंड संचालक की ओर से रेलवे प्रशासन को दी गई शिकायत के मुताबिक, जिस वाहन चालक ने घटना का वीडियो बनाया था, उसने वाहन स्टैंड में खड़ा करने के बाद पार्किंग की पर्ची नहीं ली और शुल्क का भुगतान भी नहीं किया।
बाद में बिना पर्ची वाहन ले जाने की कोशिश के दौरान स्टैंड कर्मचारियों और वाहन चालक के बीच विवाद हुआ। स्टैंड की महिला कर्मचारियों की ओर से आरोप लगाया गया कि वाहन चालक ने भी उनके साथ अभद्रता की। घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, लेकिन बाद में आपसी सहमति से मामला शांत हो गया।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला रेलवे प्रशासन के संज्ञान में आया। स्टैंड संचालक ने भी वाहन चालक द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार की शिकायत के साथ घटना से संबंधित वीडियो क्लिप रेलवे प्रशासन को उपलब्ध कराई है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में बंद फाटक से बाइक लेकर ट्रैक पार कर रहा युवक वंदे भारत से टकराया