अनुदान प्राप्त संस्थानों के कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु भी 62 वर्ष होगी, हाई कोर्ट ने खारिज की सरकार की अपील
सरकारी सहायता प्राप्त संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु को लेकर हाई कोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 05:54:18 PM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 05:54:18 PM (IST)
HighLights
- सरकारी सहायता प्राप्त संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु पर अहम फैसला
- बकाया वेतन और अन्य वित्तीय लाभों का भुगतान 90 दिनों के भीतर करने के निर्देश
- राज्य सरकार ने 62 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु का लाभ देने का विरोध किया था
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सरकारी सहायता प्राप्त संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु को लेकर हाई कोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब सहायता प्राप्त संस्थानों के कर्मचारियों का वेतन सरकारी राजकोष से दिया जाता है, तो उनकी सेवानिवृत्ति आयु के मामले में भी सरकारी कर्मचारियों के समान सिद्धांत लागू होना चाहिए।
न्यायाधीश विवेक अग्रवाल की एकलपीठ ने रीवा के दो कर्मचारियों की याचिकाएं स्वीकार करते हुए राज्य सरकार की अपील खारिज कर दी।
बकाया वेतन और अन्य वित्तीय लाभों का भुगतान 90 दिनों के भीतर करने के निर्देश
कोर्ट ने दोनों कर्मचारियों को 60 के बजाय 62 वर्ष की आयु तक सेवा में मानते हुए बकाया वेतन और अन्य वित्तीय लाभों का भुगतान 90 दिनों के भीतर करने के निर्देश दिए हैं। मामला रीवा स्थित नेत्रहीन एवं विकलांग महाविद्यालय समिति, तोपखाना, बिछिया में कार्यरत अशोक कुमार त्रिवेदी और ददोली प्रसाद मिश्रा से संबंधित है।
दोनों को 31 दिसंबर 2018 को 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर सेवानिवृत्त कर दिया गया था। उन्होंने इस कार्रवाई को हाई कोर्ट में चुनौती देते हुए 62 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु का लाभ देने की मांग की थी।
राज्य सरकार ने 62 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु का लाभ देने का विरोध किया था
याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता चंद्रकांत मगराडे ने पक्ष रखा। वहीं, राज्य सरकार ने सामाजिक न्याय एवं विकलांग सेवा बोर्ड के 20 अप्रैल 2018 के आदेश का हवाला देते हुए 62 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु का लाभ देने का विरोध किया था।