जबलपुर में धारदार हथियार से वार कर साधु की हत्या, कुटिया में मिला खून से सना शव
जबलपुर में बरगी बांध के पास भोलेनाथ मंदिर की कुटिया में रह रहे साधु ताराचंद कुशवाहा उर्फ तारा पुरी महाराज (36) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 26 Apr 2026 12:54:48 PM (IST)Updated Date: Sun, 26 Apr 2026 01:00:20 PM (IST)
घटनास्थल पर जांच करती एफएसएल की और डॉग स्क्वायड की टीम।HighLights
- सिवनी के घंसौर निवासी तारा पुरी महाराज कुछ सालों से बरगी बांध के पास कुटिया में रह रहे थे
- मंदिर में काम करने वाले लोग पहुंचे तो कुटिया में खून से लथपथ शव मिला
- सीने, पेट समेत कई जगह वार, पुलिस सभी एंगल पर कर रही हत्या की जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बरगी बांध के पास स्थित कुटिया में रहने वाले एक साधु की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। शुक्रवार देर रात हुई इस वारदात का खुलासा शनिवार सुबह तब हुआ, जब स्थानीय लोगों ने कुटिया के अंदर खून से लथपथ शव देखा।
सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सिवनी जिले के घंसौर निवासी ताराचंद कुशवाहा उर्फ तारा पुरी महाराज (36) के रूप में हुई है।
वे गत कुछ वर्षों से बरगी बांध के पास स्थित भोलेनाथ मंदिर के समीप कुटिया में रह रहे थे और मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य की देखरेख कर रहे थे। शुक्रवार शाम को उन्हें आखिरी बार मंदिर परिसर में देखा गया था। शनिवार सुबह जब मंदिर में काम करने वाले लोग पहुंचे और तारा पुरी नजर नहीं आए, तो वे कुटिया में गए। वहां उनका शव खून से सना पड़ा मिला, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सीने, पेट और शरीर के कई हिस्सों में वार किए
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर ने साधु के सीने, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पुलिस के साथ एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।