
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रहवासी इलाके में बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वाले जनरल स्टोर संचालक के खिलाफ ग्वारीघाट पुलिस ने कार्रवाई की है।
पोलीपाथर में डॉ. बोस के सामने स्थित गुरुनानक जनरल स्टोर पर दबिश देकर पुलिस ने बड़ी मात्रा में पटाखे जब्त किए। दुकान संचालक नरेश पंजवानी (50), निवासी अवधपुरी कालोनी, के विरुद्ध विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, तीन नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुरुनानक जनरल स्टोर में अवैध रूप से पटाखे बेचे जा रहे हैं। सूचना पर ग्वारीघाट पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी।
उस समय दुकान में ग्राहकों की भीड़ थी और संचालक पटाखे बेच रहा था। पूछताछ में उसने अपना नाम नरेश पंजवानी बताया। पटाखों के भंडारण और बिक्री संबंधी अनुज्ञप्ति मांगे जाने पर वह कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने दुकान से एक कार्टून और बोरी में रखे विभिन्न तरह के पटाखे जब्त किए। इनमें सात पैकेट फूलझड़ी, तीन पैकेट रॉकेट, 40 अनार, पांच पिंक लिंग कलर, दो पैकेट नुकीला बम, 55 पैकेट कमांडो, 52 बिजली क्रेकर, 20 छुरछुरी, 10 प्लाबर पोर्ट, 20 छोटे प्लाबर, 65 सुपर डिलक्स बम, 55 सुपर किंग बम, 70 सुपर जाइंट बम, पांच रैगो पटाखे और एक रेड ब्लास्ट शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर रहवासी क्षेत्रों में विस्फोटक सामग्री के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक केके पांडे, आरक्षक सूरज और दीपक राजावत की भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- दीवाली पर भोपाल–बिलासपुर–भोपाल एक्सप्रेस में जाेड़ा एक अतिरिक्त कोच, निर्धारित अवधि तक ही सुविधा