
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। धनवंतरि नगर स्थित जासूजा सिटी में सोमवार को निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लिफ्ट में खराबी आने के बाद उसका तार जलने के साथ लिफ्ट नीचे गिरी। मौके पर काम कर रहे श्रमिक उसकी चपेट में आ गए।
करंट लगने और लिफ्ट की चपेट में आकर महिला श्रमिक उन्नति नगर निवासी सुनीता प्रजापति को गंभीर चोट आई है। उसे निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसे में घायल तीन अन्य श्रमिक अहमद, सरजू और मोहन शामिल है।
जसूजा सिटी फेस टू में एक 10 मंजिला भवन निर्माणाधीन है। सोमवार को वहां पर कुछ श्रमिक काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वहां पर निर्माण सामग्री ऊपर तक पहुंचाने के लिए लगाई लिफ्ट के तार में शार्टशर्किट हुआ। उसके साथ ही लिफ्ट का तार जल गया और लिफ्ट नीचे आकर गिरी। आसपास करंट फैल गया।
लिफ्ट गिरने की आवाज इतनी जोर से आई कि आसपास के लोगों को लगा कि कोई धमाका हुआ है। वह दहशत में आ गए और घटनास्थल की ओर जाकर देखा तो वहां चार श्रमिक घायल पड़े थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि निर्माण सामग्री के लिए लगाई लिफ्ट में खराबी और लापरवाही के कारण हादसा हुआ है। हालांकि प्रारंभिक जांच में निर्माणाधीन भवन के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से घटना होना बताया गया है। हाईटेंशन लाइन के नीचे सरिया और अन्य निर्माण सामग्री रखी हुई थी।
काम के दौरान सुनीता नीचे खड़े होकर लोहे का तार खींच रही थी। इसी दौरान तार हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया और करंट प्रवाहित होने से चार मजदूर इसकी चपेट में आ गए। विरोधाभासी दावों के बीच पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन एवं घटना के कारण को लेकर छानबीन जारी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी स्थान पर पहले भी दो-तीन बार हादसे हो चुके हैं। निर्माणकर्ता को पूर्व में नोटिस देकर सावधानी बरतने की समझाइश दी गई थी। इसके बावजूद लाइन के नीचे सामग्री रखी गई जो कि लापरवाही है।
यह भी पढ़ें- त्विषा शर्मा डेथ केस : पूर्व जिला सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह की जमानत पर CBI की आपत्ति