

नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मानसून एक बार फिर मेहरबान हो गया है। बारिश की नई खेप लेकर आए बादलों ने शनिवार की रात से जो बरसना शुरू किया तो दिन भर बरसते रहे। रविवार को दिन भर कभी हल्की तो कभी रिमझिम बारिश होती रही।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमा में उत्तर ओडिशा और उससे सटे झारखंड के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र बना था जो पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और उससे सटे छत्तीसगढ़ के ऊपर स्थित था। मानसून ट्रफ अब बीकानेर, ग्वालियर, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और उससे सटे छत्तीसगढ़ के ऊपर कम दबाव क्षेत्र के केंद्र, पुरी और वहां से दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। इन मौसम प्रणालियों के चलते जबलपुर सहित संभाग के जिलाें में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश की संभावना है। 20 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
बारिश का नया दौर शुरू होने से मौसम विभाग में दर्ज बारिश का आंकड़ा भी बढ़ने लगा है। रविवार को करीब सात मिली बारिश के बाद मानसून सीजन में हुई कुल बारिश का आंकड़ा 346 मिमी तक पहुंच गया है। हालांकि गत वर्ष आज के दिन तक 772.3 मिमी बारिश हो चुकी थी। मानसून की धीमी गति को देखते हुए इस बार मानूसन का कोटा पूरा होगा या नहीं इस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
बहरहाल शनिवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। सुबह जहां तेज बारिश हुई वहीं दिन भर रिमझिम फुहारों से मौसम खुशनुमा बना रहा। इस दौरान शहर की गई क्षेत्रों में पानी की निकासी अवरुद्ध होने से पानी के डबरे भर गए। कांचघर-स्टेशन रोड कीचड़ से लथपथ रहा। वहीं रांझी मार्ग में भी कीचड़ से आवागमन प्रभावित रहा।
यहां नगर निगम द्वारा अमृत योजना के तहत पानी की पाइपलाइन बिछाई जा रही है। ठेकेदार ने पाइपलाइन तो बिछा दी परंतु सड़क का रीस्टोरेशन नहीं कराया सिर्फ मिट्टी, मुरम डालकर पूर दिया है। इसी तरह दमोहनाका, आधारताल, कृषि उपज मंडी, धनवंतरि नगर, यादव कालोनी, शोभापुर मार्ग पर भी सड़क व खाली स्थानों पर बारिश का पानी भरा रहा।
मौसम में आए बदलाव से तापमान भी गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले दो दिनों में दिन का अधिकतम तापमान चार डिग्री तक नीचे आ गया है। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस था वहीं रविवार को चार डिग्री की गिरावट के साथ 26.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री की गिरावट आई है। तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
सूर्योदय- 5: 45
सूर्यास्त- 6:46
तापमान
अधिकतम -26.4
न्यूनतम - 24.6
आर्दता-95
-92
जबलपुर
दिनांक- अधिकतम - न्यूनतम
10 अगस्त- 32.0 - 26.0
11 अगस्त- 33.0 - 25.0
कटनी
10 अगस्त- 30.0 - 24.0
11 अगस्त- 30.0 - 24.0
मंडला
10 अगस्त- 31.0 - 23.0
11 अगस्त- 32.0 - 24.0
यह भी पढ़ें- घर में मिला पांच सौ ग्राम सोना, जबलपुर के बाबू की संपत्ति आठ करोड़ तक पहुंची